
घर के पीछे सेंध काट कर लाखों की चोरी
कमरे में घुसकर अलमारी-बक्सा तोड़कर गहने व 40 हजार नकदी ले उड़े चोर, पुलिस जांच में जुटी
कुंडा/प्रतापगढ़। संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के बाबू रायजहांपुर गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने घर के पीछे सेंध काटकर कमरे में प्रवेश कर लाखों रुपये के गहने और 40 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।जानकारी के अनुसार, गांव निवासी पुतानीलाल गौतम के घर के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर चोर अंदर घुसे और कमरे में रखी अलमारी व बक्से को तोड़कर उसमें रखे कीमती गहने और नकदी लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि चोरी गए जेवरात की कीमत लाखों रुपये में है।घटना के समय पुतानीलाल का परिवार घर के सामने बरामदे में सो रहा था। सुबह उठने पर कमरे का सामान बिखरा देख परिजनों को चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद हड़कंप मच गया। पीड़ित ने तत्काल थाने पहुंचकर घटना की तहरीर दी।सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। संग्रामगढ़ थानाध्यक्ष मनोज तोमर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।