मिड-डे मील में अनियमितता पर प्रधानाध्यापिका निलंबित, रसोइया बर्खास्त बीईओ को भी प्रतिकूल प्रविष्टि

मिड-डे मील में अनियमितता पर प्रधानाध्यापिका निलंबित, रसोइया बर्खास्त
बीईओ को भी प्रतिकूल प्रविष्टि

महमूदाबाद, सीतापुर।
जनपद सीतापुर के विकास खंड महमूदाबाद स्थित प्राथमिक विद्यालय छंगापुर में मिड-डे मील योजना में अनियमितताओं के मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बड़ी कार्रवाई की है। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती कल्पना वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं, जबकि विद्यालय की रसोइया अनिता को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। वहीं, महमूदाबाद के खंड शिक्षा अधिकारी उदय मणि पटेल को भी प्रतिकूल प्रविष्टि भेजी गई है।
खंड शिक्षा अधिकारी महमूदाबाद की जांच आख्या एवं संस्तुति के आधार पर की गई कार्रवाई में प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि विद्यालय में मध्यान्ह भोजन में परोसी जाने वाली सब्जी की गुणवत्ता प्रायः खराब रहती थी, छात्रों को निर्धारित मात्रा में दूध का वितरण नहीं किया जा रहा था तथा बच्चों को व्यवस्थित ढंग से बैठाकर भोजन भी नहीं कराया जा रहा था। साथ ही प्रधानाध्यापिका पर अपने दायित्वों का समुचित निर्वहन न करने, विभागीय आदेशों की अवहेलना करने तथा अनुशासनहीनता एवं स्वेच्छाचारिता बरतने के आरोप भी पाए गए।
इन आरोपों को गंभीर मानते हुए उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद कर्मचारी वर्ग नियमावली, 1973 तथा उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली, 1999 के तहत श्रीमती कल्पना वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय अनुशासनिक जांच संस्थित की गई है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने बताया कि मामले में रसोइया अनिता को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया है। प्रधानाध्यापिका श्रीमती कल्पना वर्मा को निलंबित किया गया है तथा महमूदाबाद के खंड शिक्षा अधिकारी उदय मणि पटेल को भी प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की गई है।
विभाग ने पुष्पराज सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी, पहला को जांच अधिकारी नामित किया है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि आरोप पत्र जारी कर संबंधित पक्ष को सुनवाई का अवसर प्रदान करते हुए साक्ष्यों सहित स्पष्ट एवं तथ्यात्मक जांच आख्या एक माह के भीतर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराएं।
निलंबन अवधि के दौरान श्रीमती कल्पना वर्मा को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा तथा उन्हें प्राथमिक विद्यालय नदवा, विकास खंड महमूदाबाद में प्रतिदिन अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें