
बिसवां के बड़े चौराहे पर स्थापित हुई पूर्व विधायक एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी जगन बाबू की प्रतिमा, विधायक निर्मल वर्मा ने किया लोकार्पण
नैमिष टुडे संवाददाता
धीरेन्द्र कुमार वर्मा
बिसवां (सीतापुर)। बिसवां नगर के ऐतिहासिक बड़े चौराहे पर क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी जगन बाबू की प्रतिमा स्थापित किए जाने से नगरवासियों में उत्साह का माहौल है। क्षेत्रीय विधायक निर्मल वर्मा के प्रयासों से स्थापित इस प्रतिमा का लोकार्पण सम्मानपूर्ण वातावरण में किया गया।
इस अवसर पर विधायक निर्मल वर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और जननेताओं के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। जगन बाबू ने स्वतंत्रता आंदोलन के साथ-साथ क्षेत्र के विकास और जनसेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनकी प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति, त्याग और सेवा की प्रेरणा देती रहेगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी, गणमान्य नागरिक तथा स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर जगन बाबू को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया।
नगरवासियों ने विधायक निर्मल वर्मा के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र के गौरवशाली इतिहास से नई पीढ़ी को जोड़ने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। लोगों का मानना है कि बड़े चौराहे पर स्थापित यह प्रतिमा नगर की पहचान को नई गरिमा प्रदान करेगी और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करेगी।