
प्लॉट दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी, आठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज
कुंडा/ प्रतापगढ़। प्लॉट दिलाने के नाम पर लाखों रुपये लेने और जमीन का कब्जा न देने के आरोप में कुंडा पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।ढोढ़वा स्वरूपपुर निवासी अतुल पांडे की तहरीर के अनुसार, उन्होंने घर बनाने के लिए एक भूखंड का सौदा किया था। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने तीन लाख रुपये चेक के माध्यम से तथा दो लाख रुपये नकद दिए। शेष 90 हजार रुपये रजिस्ट्री के समय देने की बात तय हुई थी।पीड़ित का आरोप है कि पूरी राशि का अधिकांश भुगतान करने के बावजूद वर्षों बीत जाने पर भी उन्हें न तो भूखंड का कब्जा दिया गया और न ही धनराशि वापस की गई। काफी प्रयास के बाद भी समाधान न होने पर उन्होंने कुंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई।पुलिस ने जांच के बाद माधोराम, दिनेश, कमलेश, सुरेश, फूलचंद्र (सभी निवासी तिलौरी बिक्रमपुर), रामसजीवन (निवासी अत्तानगर), प्रेमचंद्र अग्रहरि (निवासी अत्तानगर) तथा वेदप्रकाश सिंह (निवासी रानी माहेश्वरी नगर, कुंडा) के विरुद्ध धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है और जांच में प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।