
सीतापुर जिलाधिकारी डॉ0 राजागणपति आर. ने विकास खंड गोंदलामऊ के ग्राम सहावपुर स्थित पंचायत भवन में आयोजित होने वाले वी0एच0एस0एन0डी0 सत्र दिवस का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सत्र बंद पाए जाने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित एएनएम का 15 दिवस का वेतन रोकने, आशा कार्यकत्री को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री को नोटिस जारी करते हुए अग्रिम आदेशों तक उनका वेतन रोकने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने जनपद सीतापुर के नैमिषारण्य स्थित मॉ ललिता देवी मंदिर के निकट निर्माणाधीन पंचमुखी प्लाजा एवं अन्य विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में उच्च गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के लिए आवश्यकतानुसार कार्मिकों की संख्या बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान यदि किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होती है तो उससे तत्काल अवगत कराया जाए ताकि उसका शीघ्र निराकरण कर कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आने पाए।