माननीय सदस्य, राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने अनुसूचित जाति बस्तियों एवं डॉ. बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय का किया स्थलीय निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

माननीय सदस्य, राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने अनुसूचित जाति बस्तियों एवं डॉ. बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय का किया स्थलीय निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
लखनऊ,
राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग, भारत सरकार, नई दिल्ली के माननीय सदस्य डॉ. पार्थ बिस्वास ने बुधवार को जनपद लखनऊ की विभिन्न अनुसूचित जाति बस्तियों एवं डॉ. बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य अनुसूचित जाति समुदाय के लोगों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं, विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का आकलन करना तथा स्थानीय नागरिकों की समस्याओं से सीधे अवगत होना था।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार माननीय सदस्य ने प्रातः 10:00 बजे कलन्दर खेड़ा, आरडीएसओ, मानक नगर, प्रातः 11:15 बजे स्कूटर इंडिया चौराहा, गौरी बाजार, सरोजिनी नगर तथा दोपहर 12:30 बजे कल्ली पश्चिम, बंगाली खेड़ा, थाना पीजीआई स्थित अनुसूचित जाति बस्तियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान माननीय सदस्य ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनुसूचित जाति बस्तियों में पेयजल, विद्युत, सड़क, नाली, स्वच्छता, आवास, शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जिन परिवारों को विभिन्न योजनाओं का लाभ अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है, उनका तत्काल सर्वे कर पात्रता के अनुसार लाभ उपलब्ध कराया जाए। बस्तियों में नियमित साफ-सफाई, जलभराव की रोकथाम तथा आवश्यकतानुसार विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
माननीय सदस्य ने अधिकारियों से कहा कि अनुसूचित जाति समुदाय से संबंधित शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र का नियमित भ्रमण कर विकास कार्यों की प्रगति की सतत निगरानी करें तथा शासन की मंशा के अनुरूप सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान अनुसूचित जाति बस्ती कलन्दर खेड़ा, आरडीएसओ, मानक नगर में बिजली, पेयजल एवं स्वच्छता की स्थिति अत्यंत दयनीय पाई गई। स्थानीय निवासियों ने बताया कि वे लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं के अभाव में बद से बदतर परिस्थितियों में जीवनयापन करने को विवश हैं। इस पर माननीय सदस्य ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके उपरांत कलन्दर खेड़ा, मानक नगर स्थित अनुसूचित जाति बस्ती के संबंध में रेलवे अधिकारियों, जिला प्रशासन एवं नगर निगम के अधिकारियों के साथ एक संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसमें बस्तीवासियों को विद्युत, पेयजल, सड़क, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु विभागों के मध्य समन्वित कार्ययोजना बनाकर शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसी प्रकार अनुसूचित जाति बस्ती कल्ली पश्चिम एवं गौरी बाजार, स्कूटर इंडिया चौराहा में जलभराव, सड़क तथा सार्वजनिक शौचालय के अभाव की समस्या संज्ञान में आने पर माननीय सदस्य ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र आवश्यक कार्यवाही कर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था करने एवं सार्वजनिक शौचालय की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
तत्पश्चात माननीय सदस्य ने डॉ. बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय का भी भ्रमण किया। विश्वविद्यालय परिसर में उन्होंने अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध शैक्षणिक एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की तथा कुलपति, कुलसचिव के साथ विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों के समग्र शैक्षणिक विकास एवं कल्याण हेतु उपलब्ध सुविधाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया।
इस अवसर पर माननीय सदस्य डॉ. पार्थ बिस्वास के साथ श्री क्यू. एम. अहमद, अतिरिक्त महानिदेशक, आर.डी.एस.ओ.; मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रफुल्ल कुमार शर्मा; अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व); अपर नगर आयुक्त; संबंधित उप जिलाधिकारी; नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। आयोग के राज्य कार्यालय, लखनऊ के निदेशक श्री उत्तम प्रकाश एवं अन्य अधिकारी भी इस अवसर पर मौजूद रहे।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें