जर्जर बिजली तारों से परेशान यादव मोहल्ला के लोगों का फूटा गुस्सा

जर्जर बिजली तारों से परेशान यादव मोहल्ला के लोगों का फूटा गुस्सा

ट्रांसफार्मर क्षमता बढ़ाने और नई केबल डालने की उठी मांग, ओवरलोड से घंटों गुल रहती है बिजली

 

मैगलगंज, खीरी /कस्बे के यादव मोहल्ला (पुरानी बस्ती) के लोगों ने लगातार हो रही बिजली संकट से परेशान होकर अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड मोहम्मदी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है मोहल्लेवासियों का कहना है कि क्षेत्र में लगे बिजली के तार पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं और मौजूदा ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक लोड होने के कारण बिजली व्यवस्था चरमरा गई है।ज्ञापन में बताया गया है कि जैसे ही बिजली आपूर्ति शुरू होती है, ओवरलोड के चलते तार गर्म होकर फॉल्ट करने लगते हैं। कई बार तार टूटने और चिंगारी निकलने की घटनाएं भी हो चुकी हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। भीषण गर्मी में लंबे समय तक बिजली न रहने से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।मोहल्लेवासियों ने आरोप लगाया कि कई बार विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को शिकायत देने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों का कहना है कि केवल अस्थायी मरम्मत कर मामला टाल दिया जाता है।मोहल्लेवासियों की प्रमुख मांगें जर्जर बिजली तारों को हटाकर नई इंसुलेटेड केबल बिछाई जाए।मोहल्ले में अधिक क्षमता का बड़ा ट्रांसफार्मर लगाया जाए, ताकि बढ़ते विद्युत लोड को आसानी से संभाला जा सके और बार-बार बिजली बाधित न हो।बिजली आपूर्ति को नियमित और सुचारु बनाया जाए।लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।ज्ञापन पर मोहल्ले के कई लोगों के हस्ताक्षर भी किए गए हैं। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें विद्युत विभाग पर टिकी हैं कि उनकी इस लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान कब तक होता है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो लोगों ने आंदोलन की चेतावनी भी दी है।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें