बिसवां के सीता हॉस्पिटल में मरीज की मौत पर बवाल, परिजनों का आरोप— विरोध करने पर डॉक्टर ने दी गोली मारने की धमकी

बिसवां के सीता हॉस्पिटल में मरीज की मौत पर बवाल,

परिजनों का आरोप— विरोध करने पर डॉक्टर ने दी गोली मारने की धमकी

नैमिष टुडे संवाददाता
धीरेन्द्र कुमार वर्मा

बिसवां (सीतापुर)। तहसील बिसवां स्थित सीता हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एक मरीज की मौत के बाद अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हो गया। मृतक की पहचान ग्राम कोटरा निवासी छोटेलाल पुत्र श्रीकृष्ण के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही और डॉक्टर द्वारा धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए, जिसके बाद मौके पर भारी पुलिस बल पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।
परिजनों के अनुसार छोटेलाल का अस्पताल में उपचार चल रहा था। उनकी हालत बिगड़ने पर उन्होंने डॉक्टर से बेहतर इलाज और आवश्यक व्यवस्था करने की मांग की, लेकिन डॉक्टर ने मरीज के ठीक होने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि इलाज के दौरान ही छोटेलाल की मौत हो गई।
मरीज की मौत के बाद जब परिजनों ने विरोध जताया तो डॉक्टर अथवा उनके एक सहयोगी ने कथित तौर पर कहा, “राइफल निकालो, गोली मार देंगे, यहां से चले जाओ।” परिजनों का यह भी आरोप है कि उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। इतना ही नहीं, डॉक्टर ने कथित रूप से यह भी कहा कि “हम झोलाछाप नहीं हैं, हमारा तुम कुछ भी नहीं कर पाओगे।”
घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल परिसर में स्थिति को शांत कराया। इसके बाद कोतवाली बिसवां के प्रभारी निरीक्षक राम राघव सिंह, कस्बा इंचार्ज सुधाकर सिंह, कांस्टेबल विवेक, कांस्टेबल अविनाश सहित भारी पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया।
पुलिस डॉक्टर को पूछताछ के लिए कोतवाली बिसवां ले गई। समाचार लिखे जाने तक मामले की जांच जारी थी। अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था। डॉक्टर एवं अस्पताल पक्ष का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें