
अमावस्या पर नैमिषारण्य में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
नैमिषारण्य, सीतापुर। आनंद तिवारी
जुलाई माह की अमावस्या के पावन अवसर पर नैमिषारण्य में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मंगलवार को तड़के ब्रह्ममुहूर्त से ही चक्रतीर्थ और ललिता देवी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया। दूर-दराज़ जनपदों एवं विभिन्न राज्यों से आए भक्तों ने पवित्र चक्रतीर्थ में स्नान कर दान-पुण्य किया।
पूरे तीर्थ क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का वातावरण रहा। चक्रतीर्थ पर विशेष पूजा-अर्चना, हवन एवं मंगल पाठ का आयोजन किया गया। पुजारियों ने अमावस्या स्नान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नैमिषारण्य में स्नान करने से पापों का क्षय होता है तथा श्रद्धालुओं की मनोकामनाएँ पूर्ण होती हैं।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए। पुलिस बल, होमगार्ड लगातार व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहे। मेडिकल टीम, एम्बुलेंस तथा कंट्रोल रूम भी सक्रिय रहा। पूरे मेले के दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
सड़कों, धर्मशालाओं, आश्रमों और बाजारों में दिनभर चहल-पहल बनी रही। श्रद्धालुओं ने बताया कि जुलाई माह की अमावस्या पर नैमिषारण्य में स्नान और दर्शन करने से उन्हें विशेष आध्यात्मिक शांति एवं पुण्य की प्राप्ति होती है।