कीचड़ में खड़े होकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, “पहले सड़क फिर वोट

कीचड़ में खड़े होकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, “पहले सड़क फिर वोट

लाखों के फर्जी भुगतान का भी आरोप, फिर भी नहीं बन सका महातीन पुरवा का मुख्य मार्ग

संवाददाता /विकास मिश्रा

सकरन /सीतापुर विकास खंड सकरन की ग्राम पंचायत मोहारी के मजरा महतीनपुरवा में खराब रास्ते को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार को ग्रामीण कीचड़ और जलभराव वाले रास्ते में खड़े होकर प्रदर्शन करते हुए मुख्य मार्ग के निर्माण की मांग करने लगे।
गांव में करीब 110 घर, 300 वोटर और 500 की आबादी है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव का मुख्य मार्ग आज तक नहीं बनवाया गया। कच्चे और गड्ढा युक्त रास्ते से ही सभी को आना-जाना पड़ता है। बरसात में कीचड़ और पानी भर जाने से वाहन निकलना तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीण रामू यादव ने बताया “रास्ता बनवाने के लिए प्रधान और सचिव से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।”
सरोज कुमार ने कहा “ये गांव का मुख्य मार्ग है। इसी से सभी का आना-जाना है। इसके लिए कई बार शिकायती पत्र दिए गए लेकिन निर्माण नहीं हुआ।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत में प्रधान और सचिव द्वारा नाली-खड़ंजा निर्माण के नाम पर लाखों रुपए का फर्जी भुगतान करा लिया गया है।
देशराज, दिलीप, दिनेश, राजू, राकेश, जानकी, रामसेवक, विजयपाल, तीरथराम, अविनेश, जगदीश भार्गव, श्रीकृष्ण, अनूप सहित दर्जनों ग्रामीणों ने कीचड़ में खड़े होकर विरोध जताते हुए तत्काल सड़क निर्माण की मांग की।
ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी और जिलाधिकारी से मांग की है कि तत्काल मौके पर जाकर रास्ते का निर्माण कराया जाए, अन्यथा आंदोलन तेज किया जाएगा।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी सकरन से संपर्क करने का प्रयास किया गया पक्ष नहीं मिल सका।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें