
बरवर सब डिवीजन की बिजली व्यवस्था बेहाल, एसडीओ की कार्यशैली पर उठे सवाल
बरवर। गोला सर्किल के बरवर विद्युत उपखंड में बिजली व्यवस्था लगातार बदहाल बनी हुई है। क्षेत्रीय उपभोक्ताओं का आरोप है कि उपखंड अधिकारी (एसडीओ) अब्दुल अजीज के कार्यकाल में बिजली व्यवस्था में सुधार होने के बजाय समस्याएं बढ़ती जा रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एसडीओ प्रायः कार्यालय समय से काफी देर बाद पहुंचते हैं और दोपहर 12 बजे से पहले कार्यालय में शायद ही दिखाई देते हों। इससे उपभोक्ताओं की शिकायतों के निस्तारण में देरी होती है तथा विभागीय कार्य प्रभावित होते हैं।
क्षेत्रवासियों का यह भी आरोप है कि शासन के निर्देशानुसार अधिकारियों को अपने तैनाती क्षेत्र में निवास करना चाहिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचा जा सके। लेकिन एसडीओ कथित रूप से सीतापुर से प्रतिदिन लगभग 50 किलोमीटर की दूरी तय कर ड्यूटी करने आते हैं।
उपभोक्ताओं का कहना है कि फॉल्ट, लो-वोल्टेज और बिजली कटौती जैसी समस्याओं के समाधान में अपेक्षित तत्परता नहीं दिखाई दे रही है। इससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रीय लोगों ने उच्च अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर जांच कराने तथा बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।