
अतिक्रमण हटाओ अभियान में पथराव, राजकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में 5 गिरफ्तार
अरुण कुमार दुबे /ब्यूरो चीफ/जौनपुर
जौनपुर। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना केराकत पुलिस ने अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान राजकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने और प्रशासनिक टीम पर पथराव करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी केराकत के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक केराकत के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
बताया गया कि 9 जुलाई 2026 को नायब तहसीलदार पेसारा, केराकत विवेक श्रीवास्तव की तहरीर पर थाना केराकत में मुकदमा दर्ज किया गया। तहरीर के अनुसार, लुलुर चाट भंडार के सामने नाली से अतिक्रमण हटाने के दौरान कुछ लोगों ने राजस्व एवं प्रशासनिक टीम पर पथराव कर दिया। इस घटना में जेसीबी मशीन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया, चालक के साथ मारपीट की गई तथा नायब तहसीलदार के सिर में चोट आई। पथराव के चलते क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
तहरीर के आधार पर थाना केराकत में मु.अ.सं. 282/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 191(2), 115, 121(1), 125, 132, 324(4) तथा धारा 7 सीएलए एक्ट में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने दबिश देकर ब्लॉक केराकत के पास सरायबीरु जाने वाले मार्ग से पांच वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में रविशंकर सोनकर उर्फ राजू, भुवाल सोनकर, मनीष सोनकर, विशाल सोनकर तथा कमलेश कुमार सोनकर शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि सभी गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।