
जनपद में 12 जुलाई को होगा वृक्षारोपण महायज्ञ अभियान, भव्य रूप से होगा सम्पन्न, रोपे जायेंगे 61 लाख 88000 पौधे
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने वृक्षारोपण महायज्ञ अभियान की तैयारियों हेतु की समीक्षा बैठक
‘एक स्कूल-एक गांव’ थीम पर चलेगा वृक्षारोपण अभियान, सरकारी व निजी विद्यालयों की होगी भागीदारी
विष्णु सिकरवार
आगरा। मंगलवार को जिलाधिकारी मनीष बंसल अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 की तैयारियों के संबंध में जिला वृक्षारोपण समिति की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा दिनांक 06.07.2026 को मा० मुख्यमंत्री द्वारा वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से वृक्षारोपण की समीक्षा बैठक में दिये गये निर्देशों के सम्बन्ध में जनपद के सभी विभागों के नोडल अधिकारियों को अवगत कराया गया। जिलाधिकारी ने सभी विभागों से गड्डा खुदान एवं पौध उठान के सम्बन्ध में समीक्षा की गई। जिलाधिकारी द्वारा सभी विभागों को निर्देश दिये गये कि जनपद के सभी विभागों को आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष दिनांक 12 जुलाई 2026 को प्रातः 07 बजे से सांय 06 तक वृक्षारोपण कराया जाए, वृक्षारोपण में एन०जी०ओ० एनसीसी, रोटरी क्लब, लॉयन्स क्लव, महिला समूह, स्कूली बच्चों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों आदि की सहभागिता सुनिश्चित कराई जाये। वृक्षारोपण को एक कार्यक्रम/पर्व के रूप में सम्पन्न कराया जाए।
बैठक में अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं समन्वित रूप से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि आगरा जनपद को कुल 61 लाख 88000 पौधों के रोपण का लक्ष्य मिला है, जिसमें वन विभाग को 19 लाख 68000 तथा अन्य विभागों को 42 लाख 20000 पौधों के रोपण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। विगत 05 जून के विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित हुए वृहद वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत वन विभाग द्वारा 68000, ग्राम्य विकास विभाग द्वारा 4 लाख 65000, पंचायतीराज विभाग द्वारा 30000, कृषि विभाग द्वारा 1 लाख 17000, उद्यान विभाग द्वारा 77000, नगर विकास विभाग द्वारा 37000 पौधों का रोपण करते हुए कुल 7 लाख 94000 पौधों का रोपण किया गया था।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देशित करते हुए कहा कि सभी विभाग अपनी तैयारियां पूर्ण रखें तथा अभियान से संबंधित सभी आवश्यक जानकारियां तैयार रखें, जिससे अंतिम समय में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। उन्होंने नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि केवल अभिलेखीय कार्यों तक सीमित न रहें, बल्कि फील्ड में जाकर वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करें और स्थल पर व्यवस्थाओं का सत्यापन सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से शनिवार को साइट विजिट निर्धारित की गई है, जिसमें सभी अधिकारी पूरी तैयारी के साथ स्थलों का निरीक्षण करेंगे।
बैठक में जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा विभाग एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के नोडल अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि ग्राम्य विकास विभाग के समन्वय से अभियान को एक उत्सव के रूप में लेते हुए प्रभावी रूप से अभियान संचालित किया जाए। एक स्कूल-एक गांव की थीम बनाकर, इस अभियान में समस्त गांव सहित सरकारी और प्राइवेट शिक्षण
संस्थानों का समावेश करते हुए सामूहिक वृक्षारोपण अभियान किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि यदि किसी भी प्रकार का कार्य यहां से पूर्ण कर भेजा जा रहा है तो उसका विधिवत सत्यापन अवश्य किया जाए। आज एवं कल संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर उन्हें अभियान में सक्रिय रूप से सहभागी बनाया जाए। समस्त ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत तथा नगर पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अभियान की जानकारी साझा की जाये। जिलाधिकारी ने बताया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक कार्य निर्धारित समय में पूर्ण हो तथा फील्ड से नियमित एवं सही फीडबैक प्राप्त होता रहे। बिना स्थलीय निरीक्षण के किसी भी कार्य को संतोषजनक न माना जाए। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी संबंधित विभाग अपने-अपने कार्यक्षेत्र का निरीक्षण कर पौधारोपण स्थलों की समीक्षा करें तथा वहां पर मिट्टी की गुणवत्ता का परीक्षण भी सुनिश्चित करें।
बैठक में पौधारोपण के लिए खाद की उपलब्धता पर विशेष बल दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पौधों की बेहतर वृद्धि के लिए विशेष रूप से गोबर की खाद का उपयोग किया जाए। यदि पर्याप्त मात्रा में गोबर की खाद उपलब्ध हो तो उसका प्राथमिकता से प्रयोग किया जाए। उन्होंने नगर निगम को निर्देशित किया कि पौधशाला में खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यकता अनुसार संबंधित विभागों को समय से उपलब्ध कराई जाए। बैठक में बताया गया कि वर्तमान में खाद पौधशाला से पर्यावरण विभाग के माध्यम से उपलब्ध कराई जाती है। जिस पर जिलाधिकारी ने कहा कि बिना खाद के पौधारोपण एवं रखरखाव से अपेक्षित परिणाम प्राप्त नहीं होंगे तथा खाद के उपयोग से पौधों की वृद्धि एवं संरक्षण दोनों बेहतर होंगे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती प्रतिभा सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) आजाद भगत सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी अरुण कुमार श्रीवास्तव, डीएफओ राजेश कुमार, अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, जिला विकास अधिकारी श्रीमती भावना यादव, बीएसए राकेश कुमार सिंह, डीआईओएस रविन्द्रपाल, डीसी मनरेगा रामायन सिंह यादव, डीपीआरओ मनीष कुमार सहित जनपद के सभी विभागों के अधिकारीगण आदि उपस्थित रहे।