तहसील बाह में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस हुआ सम्पन्न

तहसील बाह में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस हुआ सम्पन्न

निर्धारित समय सीमा के अंदर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

जिलाधिकारी ने राजस्व निरीक्षक से किया जवाब तलब, लापरवाही पर कार्रवाई की दी चेतावनी

 

विष्णु सिकरवार
आगरा। सोमवार को तहसील बाह में जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया।
समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभाग के अधिकारियों को हस्तगत करते हुए निर्धारित समय सीमा के अंदर गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त भूमि विवाद से संबंधित शिकायतों को राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण करने के उप जिलाधिकारी को निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतकर्ता रामप्रकाश निवासी बसई अरेला ने जिलाधिकारी के समक्ष बसई अरेला पर तैनात राजस्व निरीक्षक दिनेश अग्रवाल द्वारा बार बार भूमि पैमाश हेतु आवेदन देने के बाद भी पैमाइश कार्य नहीं कराए जाने की शिकायत की। जिलाधिकारी द्वारा संबंधित राजस्व निरीक्षक से मौके पर ही जवाब तलब किया गया तथा उक्त प्रकरण की नायब तहसीलदार के नेतृत्व में कमेटी द्वारा जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी के समक्ष तहसील बाह में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ लगातार कार्य में लापरवाही की शिकायतें मिलने पर जिलाधिकारी ने लापरवाही पर संबंधित को कड़ी फटकार लगाई जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने समाधान दिवस में विद्युत सखियों के प्रार्थनापत्र का संज्ञान लेते हुए उनके लंबित ओटीएस एवं टीडीएस भुगतान में हो रही देरी पर डीसी एनएआरएलम को शीघ्र भुगतान कराने के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में जिलाधिकारी के समक्ष,नगर पंचायत पिनाहट के विभिन्न कार्यों में अनियमितता, वित्तीय गड़बड़ी की प्राप्त शिकायतों की जांच कराने हेतु अपर जिलाधिकारी वित्त व राजस्व को समिति गठित कर प्राप्त शिकायतों की जांच के निर्देश दिए।तथा नगर पालिका बाह के मुख्य मार्गों के किनारे उचित साफ सफाई नहीं होने, सड़क किनारे कच्चे मार्ग से हो रही असुविधा आदि के संबंध में प्राप्त शिकायत पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका बाह को नियमित साफ सफाई सुनिश्चित कराने तथा सड़क किनारे कच्चे मार्गों की इंटरलॉकिंग आदि कार्य किए जाने हेतु निर्देशित किया।
जिलाधिकारी ने संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने के साथ-साथ सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ता से संपर्क करें तथा उनसे वार्ता कर शिकायत को निस्तारण कराना सुनिश्चित करें, साथ ही स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण होने के बाद शिकायतकर्ता को अवगत कराया जाए, जिससे उनको भी निस्तारण स्थिति का पता चल सके और निस्तारण आख्या में सम्पूर्ण घटनाक्रम को अंकित करते हुए पोर्टल पर अपलोड की जाए।
तहसील दिवस के दौरान कुल 75 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिसमें से 03 का मौके पर ही जिलाधिकारी महोदय द्वारा तत्काल निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतों में मुख्यतः विद्युत, पेंशन, राशन, भूमि विवाद, चकरोड निर्माण/अतिक्रमण, नाली निर्माण, अवैध अतिक्रमण आदि से सम्बन्धित थीं, जो कि 33 राजस्व विभाग, 13 पुलिस विभाग, 03 राजस्व व पुलिस, 05 समाज कल्याण विभाग, 09 विकास विभाग, 04 विद्युत विभाग तथा 08 अन्य से सम्बंधित शिकायतें प्राप्त हुई।
संपूर्ण समाधान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती प्रतिभा सिंह, अपर जिलाधिकारी नागरिक आपूर्ति अजय नारायण, उप जिलाधिकारी(न्यायिक )बाह रजत कुशवाह,तहसीलदार बाह संपूर्ण कुलश्रेष्ठ, नायब तहसीलदार पश्चिम बाह डीसी पौरुष, नायब तहसीलदार पूर्वी सुधीर गिरी, पीडीडीआरडीए श्रीमती रेनू, डीसी मनरेगा रामायण सिंह यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजेश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण आदि उपस्थित रहे।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें