
मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
बिसवां की महिला से लूट के मामले में था वांछित, कब्जे से सोने का कुंडल, तमंचा व बाइक बरामद
आरोपी पर लखीमपुर-सीतापुर के थानों में 16 मुकदमे दर्ज, CHC में इलाज के बाद भेजा गया न्यायालय
नैमिष टुडे संवाददाता विकास मिश्रा
सकरन /सीतापुर सकरन पुलिस ने शुक्रवार सुबह मुठभेड़ के बाद 25 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार जवाबी फायरिंग में बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी है। पकड़े गए आरोपी के पास से बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक, सोने का कुंडल, 315 बोर का अवैध तमंचा व कारतूस बरामद हुए हैं। घायल को इलाज के लिए सीएचसी सांडा भेजा गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद न्यायालय में पेश किया गया।
थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति बाइक से रसूलपुर से ओडाझार की ओर जा रहा है। पुलिस टीम ने गांव के बाहर पुलिया के पास उसे रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि उसने बाइक छोड़कर पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में उसके बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आशिक पुत्र मोबीन निवासी जेठरा, थाना खमरिया, जिला लखीमपुर खीरी बताया। पुलिस के अनुसार वह 28 जून को सकरन थाना क्षेत्र के भिठमनी-महाराज मार्ग पर नहर पटरी के पास बिसवां के मोचकलां गांव निवासी वीनू पाल से हुई लूट की घटना में दर्ज मु0अ0सं0 200/26 धारा 309(4) BNS में वांछित था। पुलिस अधीक्षक द्वारा उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार आरोपी शातिर हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ जनपद लखीमपुर खीरी के खमरिया, ईसानगर, धौरहरा, खीरी तथा सीतापुर के लहरपुर, सकरन, तंबौर आदि थानों में चोरी, राहजनी व लूट के 16 मुकदमे दर्ज हैं।
तलाशी में आरोपी के पास से एक पीली धातु का कुंडल, एक 315 बोर अवैध तमंचा, 2 जिंदा व 1 खोखा कारतूस तथा बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक बरामद हुई है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह, एसएसआई सतीश चन्द्र शर्मा, आरक्षी ब्रजेश यादव, मनोज कुमार, प्रान्त चौधरी, आकाश आदि शामिल रहे।