
बाजे गाजे के साथ खंड शिक्षा अधिकारी सकरन की हुई विदाई
नैमिष टुडे संवाददाता
विकास मिश्रा
सांडा (सीतापुर)। विकास क्षेत्र सकरन के खंड शिक्षा संसाधन केंद्र (बीआरसी) परिसर में खंड शिक्षा अधिकारी ओंकार सिंह के सेवानिवृत्त होने पर मंगलवार को भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा विभाग से जुड़े शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, शिक्षणोत्तर कर्मचारी तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम भावनाओं, सम्मान और आत्मीयता से ओतप्रोत रहा।
समारोह में खंड शिक्षा अधिकारी की धर्मपत्नी सुनीता सिंह, पुत्र अमन और आयुष्मान तथा पुत्रवधू आरुषी सहित परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। सभी ने उनके लंबे और समर्पित सेवाकाल की उपलब्धियों को याद करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी। उपस्थित शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न भेंट कर उनके उत्कृष्ट प्रशासनिक नेतृत्व, सरल स्वभाव और शिक्षा के प्रति समर्पण की सराहना की।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी आकांक्षा गौतम ने अपने संबोधन में कहा कि सरकारी सेवा केवल एक दायित्व नहीं बल्कि समाज निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि ओंकार सिंह ने अपने कार्यकाल में ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशीलता के साथ दायित्वों का निर्वहन किया। शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने उनके स्वस्थ, सुखद एवं सक्रिय सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि उनका अनुभव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
अपने विदाई उद्बोधन में खंड शिक्षा अधिकारी ओंकार सिंह भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि सकरन ब्लॉक में बिताया गया समय उनके जीवन की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने सभी शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, कर्मचारियों एवं अधिकारियों का सहयोग और स्नेह मिलने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग एक परिवार की तरह है और इसी भावना के साथ सभी ने मिलकर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए कार्य किया। उन्होंने सभी से शिक्षा की गुणवत्ता और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य करते रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन दिनेश मिश्रा ने किया। इस के दौरान अनेक वक्ताओं ने ओंकार सिंह के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके प्रशासनिक कौशल, सहज व्यवहार और कार्य के प्रति समर्पण की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। पूरे समारोह के दौरान भावुक वातावरण बना रहा और उपस्थित लोगों ने उनके उज्ज्वल, स्वस्थ एवं सुखमय भविष्य की कामना करते हुए उन्हें ससम्मान विदाई दी।
इस दौरान शिक्षक संघ अध्यक्ष धीरेंद्र पटेल, मो आरिफ, सौरभ शुक्ला, कृष्णकांत, संजय चित्रांश, सुनील तिवारी, पतिराम, वीरेंद्र वर्मा, राधा कृष्ण दीक्षित, दीपक श्रीवास्तव, प्रवीण वर्मा, मधुकर वर्मा, सारदा प्रसाद, रविन्द्र मिश्र, शिव सिंह, विकास चौहान आदि मौजूद रहे।