रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से पत्राचार के बाद डॉ. अम्मार रिजवी से की फोन पर वार्ता, सीतापुर के विकास पर हुई चर्चा

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से पत्राचार के बाद डॉ. अम्मार रिजवी से की फोन पर वार्ता, सीतापुर के विकास पर हुई चर्चा

अनुज कुमार जैन
महमूदाबाद, सीतापुर। जनपद सीतापुर के विकास एवं रोजगार सृजन को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. अम्मार रिजवी द्वारा भेजे गए पत्र का संज्ञान लेते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रात्रि में फोन पर उनसे वार्ता की। इस दौरान जिले के विकास, रोजगार के अवसरों और प्रस्तावित परियोजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
डॉ. अम्मार रिजवी ने रक्षा मंत्री को जनपदवासियों की ओर से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से सीतापुर को लगातार विकास की नई सौगातें मिल रही हैं। उन्होंने विशेष रूप से महमूदाबाद-कुर्सी मार्ग पर रेलवे फ्लाईओवर की स्वीकृति तथा रक्षा मंत्रालय की लगभग 850 एकड़ भूमि पर सोलर पावर प्रोजेक्ट को जिले के लिए ऐतिहासिक कदम बताया।
वार्ता के दौरान डॉ. रिजवी ने रक्षा मंत्री से अनुरोध किया कि रक्षा मंत्रालय की शेष उपलब्ध भूमि पर भी कोई बड़ा रोजगारपरक उद्योग अथवा औद्योगिक परियोजना स्थापित कराई जाए, जिससे स्थानीय युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार मिल सके और जिले की आर्थिक स्थिति मजबूत हो।
उन्होंने रक्षा मंत्री से कहा कि महमूदाबाद सहित पूरे सीतापुर में पूर्व में संचालित कई रोजगारपरक संस्थान और उद्योग बंद हो चुके हैं, जिससे युवाओं के सामने रोजगार का संकट खड़ा हुआ है। ऐसे में नए उद्योगों की स्थापना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
डॉ. अम्मार रिजवी ने बातचीत के दौरान कहा कि समस्त जनपदवासी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के प्रति कृतज्ञ हैं और उन्हें विश्वास है कि उनके नेतृत्व में सीतापुर के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि “आपके प्रयासों से ही सीतापुर के समग्र विकास की उम्मीद मजबूत हुई है और जनपद का भविष्य उज्ज्वल दिखाई दे रहा है।”
रक्षा मंत्री से हुई इस महत्वपूर्ण वार्ता को जिले के विकास के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। जनपदवासियों को उम्मीद है कि आने वाले समय में सीतापुर को रोजगार, उद्योग और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में और भी बड़ी सौगातें प्राप्त होंगी।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें