
गुरुकुल विद्या पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया अर्थ डे
सीतापुर/लखनऊ। अनुज कुमार जैन गुरुकुल विद्या पब्लिक स्कूल में अर्थ डे बड़े ही उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल उत्सव मनाना ही नहीं था, बल्कि विद्यार्थियों को इसके महत्व, इतिहास और उद्देश्य के बारे में जागरूक करना भी था।
कार्यक्रम की शुरुआत में पीठाधीश्वर श्री साकेत मिश्रा जी ने बच्चों को बताया कि अर्थ डे क्यों मनाया जाता है, इसकी शुरुआत कब हुई और इसका मुख्य उद्देश्य क्या है। उनके प्रेरणादायक विचारों ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न प्रस्तुतियाँ दी गईं। छोटे बच्चों ने आकर्षक फैंसी ड्रेस के माध्यम से पेड़, फल और जंगल का रूप धारण कर प्रकृति के महत्व को दर्शाया। वहीं बड़े बच्चों ने नुक्कड़ नाटक, नृत्य और नाट्य प्रस्तुति के जरिए ग्लोबल वार्मिंग और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
विद्यार्थी मृत्युंजय और शिवराज ने क्रमशः अंग्रेजी और हिंदी में प्रभावशाली भाषण देकर अर्थ डे के महत्व को विस्तार से समझाया। उनकी प्रस्तुतियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या नीरा मिश्रा, सह-पीठाधीश्वर पूनम मिश्रा, वाइस प्रिंसिपल दिव्यांशी श्रीवास्तव, कोऑर्डिनेटर श्रद्धा शुक्ला, पारुल राज सहित समस्त शिक्षक एवं स्टाफ ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों को यह संदेश दिया गया कि वे पर्यावरण की रक्षा के लिए छोटे-छोटे कदम उठाएं और पृथ्वी को सुरक्षित बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।
यह आयोजन न केवल ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना भी जागृत करने में सफल रहा।