
बिसवां के लश्करपुर चौराहे पर दो बाइकों की भिड़ंत, तीन गंभीर घायल
नैमिष टुडे / धीरेन्द्र कुमार वर्मा
सीतापुर/बिसवां
बिसवां क्षेत्र में लश्करपुर चौराहे के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कपिल वर्मा पुत्र राजेश वर्मा एवं रिंकू पुत्र शिवदयाल, निवासी जनपद लखीमपुर खीरी, बाइक से लखीमपुर से बाराबंकी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बिसवां क्षेत्र के लश्करपुर चौराहे के पास सामने से आ रही एक अन्य बाइक, जिस पर आवेश पुत्र सर्वम कुमार वर्मा सवार थे और लश्करपुर की ओर जा रहे थे, से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।
इस भीषण टक्कर में कपिल वर्मा, रिंकू और आवेश तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से बिसवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि कपिल वर्मा और आवेश के पैर में गंभीर चोटें आई हैं, जिनमें फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। हालत गंभीर होने के चलते दोनों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल सीतापुर रेफर कर दिया गया है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चौराहे पर सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक नियंत्रण की कमी को लेकर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि इस चौराहे पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।