गंगोह मंडी में गेहूं बिक्री रुकी, बायोमेट्रिक सत्यापन में किसानों को भारी परेशानी..
गंगोह। क्षेत्र के किसानों को गेहूं विक्रय के दौरान तकनीकी बाधाओं के चलते भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को बड़ी संख्या में किसान मंडी स्थित सहकारी गृह केंद्र पर पहुंचे और केंद्र संचालक के समक्ष अपनी समस्या रखी।किसानों ने बताया कि वर्तमान में पहचान के लिए आंखों की रेटिना आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन किया जा रहा है, लेकिन वृद्ध किसानों की आंखों की पहचान मशीन द्वारा सही ढंग से नहीं हो पा रही है। इसके चलते उनका सत्यापन बार-बार असफल हो रहा है और वे अपना गेहूं बेचने से वंचित रह जा रहे हैं।किसानों का कहना है कि कई बार प्रयास करने के बावजूद सत्यापन न होने से उन्हें खाली हाथ वापस लौटना पड़ रहा है, जिससे समय के साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर किसानों में नाराजगी और चिंता का माहौल बना हुआ है।किसानों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि गेहूं खरीद प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए ई-पॉस मशीन के माध्यम से वैकल्पिक व्यवस्था लागू की जाए, ताकि सभी किसानों का गेहूं बिना किसी बाधा के खरीदा जा सके।वहीं, केंद्र संचालक ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं से जिला प्रशासन को अवगत करा दिया गया है और जल्द ही इस संबंध में उचित समाधान निकलने की उम्मीद है।किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।