एटा में शांति और सौहार्द के साथ सम्पन्न हुई ईद-उल-फितर, पुलिस प्रशासन रहा पूरी तरह मुस्तैद

नैमिष टुडे

एटा  ईद-उल-फितर के पावन अवसर पर जनपद एटा में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा श्याम नारायण सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्वेताभ पाण्डेय ने खुद मैदान में उतरकर शहर के विभिन्न संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का भ्रमण किया तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ईद की नमाज को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए पुलिस द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए थे। मस्जिदों के आसपास भारी पुलिस बल तैनात रहा, वहीं अधिकारी लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। इस दौरान अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को परखा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले इलाकों और धर्मस्थलों के आसपास लगातार पैदल गश्त (फुट पेट्रोलिंग) करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। इसके साथ ही उन्होंने नमाजियों से मुलाकात कर उन्हें ईद की मुबारकबाद दी और आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखते हुए त्योहार मनाने की अपील की।
एसएसपी श्याम नारायण सिंह ने स्पष्ट रूप से कहा कि सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की भ्रामक खबर, अफवाह या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी दोहराया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनपद के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने और अराजक तत्वों पर पैनी नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से भी लगातार निगरानी की जा रही है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत बनी रहे।इस दौरान एडीएम (ई) सत्यप्रकाश, क्षेत्राधिकारी नगर सुश्री कीर्तिका सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। कुल मिलाकर, पुलिस प्रशासन की सतर्कता और बेहतर प्रबंधन के चलते एटा में ईद-उल-फितर का पर्व शांति, सुरक्षा और भाईचारे के माहौल में हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें