
चिकित्सक हत्याकांड में कोर्ट आज सुनाएगी फैसला
सुलतानपुर। चिकित्सक घनश्याम तिवारी हत्याकांड के चर्चित मामले में बुधवार को कोर्ट अपना फैसला सुनाएगी। फैसले को लेकर जिले भर के लोगों की निगाहें अदालत की ओर लगी हैं। हत्याकांड में अभियोजन पक्ष की ओर से पैरवी कर रहे वादी मुकदमा निशा तिवारी के अधिवक्ता संतोष पांडेय ने बताया कि एडीजे प्रथम संध्या चौधरी ने फैसला सुनाने के लिए बुधवार की तिथि तय की है। अदालत के फैसले को देखते हुए चिकित्सक की पत्नी निशा तिवारी की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। उनकी सुरक्षा में तीन पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। लंभुआ के सखोली कला गांव के डा. घनश्याम तिवारी जयसिंहपुर सीएचसी में संविदा चिकित्सक थे। उनकी 23 सितंबर 2023 को कोतवाली नगर के नरायनपुर गांव में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। मामले में नरायनपुर गांव के अजय नारायण सिंह, उनके पिता जगदीश नारायण सिंह, चचेरे भाई विजय नारायण सिंह व मायंग गांव के ड्राइवर दीपक सिंह के खिलाफ पुलिस ने चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की थी। केस की सुनवाई के दौरान आरोपी विजय नारायण सिंह व जगदीश नारायण सिंह की मौत हो गई है।