
शमशेरगंज प्राथमिक विद्यालय में कक्षा पांच के छात्र-छात्राओं का विदाई समारोह, अतिथियों ने दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
लालगंज, प्रतापगढ़ । प्रा. वि. शमशेरगंज में शनिवार को कक्षा पांच के छात्र-छात्राओं के लिए विदाई समारोह उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। साथ ही अतिथियों ने बच्चों को आगे की पढ़ाई के लिए प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम की शुरुआत साहित्यकार डॉ. सच्चिदानंद त्रिपाठी द्वारा सरस्वती वंदना के साथ की गई।इसके बाद विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक डॉ. अरुण कुमार रत्नाकर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। मुख्य अतिथि पूर्णिमा विश्वकर्मा, वार्डेन कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय जमालपुर ने अपने संबोधन में कहा कि प्राथमिक शिक्षा बच्चों के जीवन की सबसे मजबूत नींव होती है। इसी स्तर पर बच्चे सीखने की आदत, अनुशासन और संस्कार ग्रहण करते हैं। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि वे अपने लक्ष्य को निर्धारित कर परिश्रम और लगन के साथ पढ़ाई करें, तभी वे अपने परिवार, समाज और देश का नाम रोशन कर पाएंगे। विशिष्ट अतिथि डॉ. सच्चिदानंद त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं होती, बल्कि जीवन में अच्छे संस्कार और नैतिक मूल्यों का होना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने शिक्षकों का सम्मान करें, नियमित अध्ययन करें और हमेशा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें। कस्तूरबा गांधी विद्यालय जमालपुर की शिक्षिका मुक्ता गुप्ता ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन में अनुशासन, निरंतर अध्ययन और अच्छे आचरण का विशेष महत्व होता है। यदि विद्यार्थी इन मूल्यों को अपनाते हैं तो सफलता निश्चित रूप से उनके कदम चूमती है। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। अंशिका, साक्षी, सोनाक्षी, रहनुमा, आदर्श और दिव्यांशु ने गीत, नृत्य और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया। विद्यालय परिवार की ओर से कक्षा पांच के मेधावी छात्र-छात्राओं को कॉपी और पेन देकर सम्मानित किया गया तथा उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए शुभकामनाएं दी गईं। विद्यालय को डेस्क-बेंच उपलब्ध कराने वाले शमशाद खान, मुख्तार खान और राम अवतार वर्मा को प्रभारी प्रधानाध्यापक डॉ. अरुण कुमार रत्नाकर ने उन्हें अंगवस्त्र से सारस्वत सम्मानित कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षक अनिरुद्ध यादव ने की और संचालन हरिवंश शुक्ल शौर्य ने किया। अंत में कार्यक्रम के आयोजक एवं प्रभारी प्रधानाध्यापक डॉ. अरुण कुमार रत्नाकर ने सभी अतिथियों, अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय की प्रगति में समाज का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से ही बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं। इस मौके पर मीना गुप्ता, रवीन्द्र शर्मा, माधुरी देवी, नगीना गौतम, शुभम कुमार, सोना देवी, प्रदीप वर्मा सहित विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।