
बदायूं में सरकारी स्कूल में बच्चों से नमाज पढ़वाने का आरोप, बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध
बदायूं।उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के उझानी क्षेत्र के रिसौली में जूनियर हाईस्कूल स्कूल में बच्चों से सामूहिक रूप से नमाज पढ़वाने का मामला सामने आया है।इस पर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ता स्कूल पहुंच गए और विरोध जताया। स्कूल में हंगामे का वीडियो शनिवार रात को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
जूनियर हाईस्कूल रिसौली में सामूहिक रूप से नमाज अदा कराई गई। यह मामला बीते बृहस्पतिवार का बताया जा रहा है।आरोप लगाया गया है कि नमाज पढ़वाने की व्यवस्था स्कूल के ही एक शिक्षक और शिक्षिका की ओर से कराई गई। स्कूल की एक अन्य महिला शिक्षिका ने इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से शिकायत की है।
मामले की जानकारी मिलने पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता स्कूल पहुंचे और विरोध जताते हुए कहा कि यदि स्कूल में नमाज पढ़ी जाएगी, तो वे भी वहीं बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री विनय प्रताप सिंह ने पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
विनय प्रताप सिंह का कहना है कि यदि प्रशासन ने इस प्रकरण को गंभीरता से नहीं लिया तो संगठन को धरना-प्रदर्शन करना पड़ेगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि मामले की जानकारी मिली है और इसकी जांच कराई जाएगी।
विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों का आरोप है कि एक महिला अध्यापक और एक पुरुष शिक्षक द्वारा नमाज पढ़वाई गई है।बताया जाता है कि रमजान के माह में कई बार यहां पर सामूहिक रूप से नमाज अदा कराई गई। इस बात का खुलासा एक अन्य महिला अध्यापक द्वारा किया गया है।
गांव में मस्जिद न होने पर एक घर पर भी सामूहिक रूप से नमाज पढ़ने का मामला प्रकाश में आया है। स्कूल में नमाज पढ़े जाने के मामले में बच्चों ने हिंदू नेताओं को बताया कि विरोध करने पर स्कूल से नाम काटने की धमकी दी गई।