मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने फीता काटकर मेले का किया उद्घाटन

मिश्रिख /सीतापुर जनपद में चल रही पावन 84 कोसी परिक्रमा के अंतर्गत पंचकोशी पड़ाव पर लगने वाले पारंपरिक मेले का आज भव्य शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक रामकृष्ण भार्गव विशेष रूप से उपस्थित रहे। 18 तारीख से प्रारंभ हुई 84 कोसी परिक्रमा विभिन्न पड़ावों से होती हुई पंचकोशी के लिए मिश्रिख पहुंच चुकी है। परिक्रमा के आगमन के साथ ही कस्बा मिश्रिख में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है और परंपरागत मेले का आयोजन किया गया है।
उद्घाटन समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष सीमा भार्गव, सीतापुर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मुनेंद्र अवस्थी, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला सहित जिलाधिकारी राजागणपति आर0 भी मौजूद रहे। अतिथियों ने मेले का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि 84 कोसी परिक्रमा हमारी आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। प्रदेश सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं विधायक रामकृष्ण भार्गव ने श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि मिश्रिख की यह पावन धरती संत-महात्माओं की तपोभूमि रही है और मेले का आयोजन क्षेत्र की धार्मिक गरिमा को और बढ़ाता है।
मेले में सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें