
ताज महोत्सव आयोजन स्थल (टाटा ग्राउण्ड फतेहाबाद रोड़ पर 20 फरवरी से 22 फरवरी तक आयोजित तीन दिवसीय मण्डलीय फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी आयोजित होगी
विष्णु सिकरवार
आगरा। ताज महोत्सव आयोजन स्थल (टाटा ग्राउण्ड फतेहाबाद रोड़ आगरा) पर दिनांक 20.02.2026 से 22.02.2026 तक आयोजित तीन दिवसीय मण्डलीय फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी में आयोजकों द्वारा प्रकृति की इन्द्रधनुषीय छटा बिखेरने का प्रयास किया गया है जिसे देख दर्शक सहज ही अल्हादित हो उठते हैं। प्रदर्शनी का शुभारम्भ करते हुए नगेन्द्र प्रताप (आई०ए०एस०), आयुक्त, आगरा मण्डल, आगरा ने कहा कि पुष्प प्रकृति की अनुपम देन है।
आयुक्त, आगरा मण्डल, आगरा ने यह भी कहा कि फल-फूल प्रदर्शनी आगरा में मण्डल स्तर पर आयोजित की जाती है। ताज महोत्सव के साथ प्रदर्शनी का आयोजन देशी-विदेशी पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है एवं वातावरण को मनोहारी बनाने में फूलों एवं पेड़-पौधों का बहुत बड़ा योगदान है। प्रदर्शनी उद्घाटन के अवसर पर प्रकाशित उद्यान स्मारिका का विमोचन भी किया गया।
74 वीं मण्डलीय फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी में अनेक स्टालों में आकर्षक पुष्पों का प्रदर्शन किया गया है। विभिन्न प्रकार की शाकभाजी एवं फल भी प्रदर्शनी में प्रदर्शित किये गये है। पशुपालन विभाग द्वारा अपने विभाग से सम्बन्धित जानकारी का स्टाल लगाकर प्रदर्शनी को लुभावना स्वरूप प्रदान किया गया है। प्रदर्शनी में 2575 उत्कृष्ट नमूने प्रदर्शित किये गये हैं। बहुरंगीय सिनरेरिया का गमला समूह जहाँ अपनी ओर आकर्षित कर रहा है, वहीं गमलों में लगी विविध प्रकार की डहेलिया भी लुभावनी प्रतीत होती है। प्रदर्शनी में लगभग 45 प्रकार की विभिन्न प्रजातियों के मौसमी फूलों का प्रदर्शन किया गया है।
एक ओर पुष्प सज्जा के साथ ही गुलदस्ते, मालायें, बुके तथा फूलों के गमले अपनी कला की छटा विखेर रहे हैं तो दूसरी ओर रंगोली एवं वृज थीम पर पुष्पों से सुसज्जित आकर्षक मॉडल भी प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण बने हुए है। गेंदा, गुलाब, डहेलिया एवं अन्य विभिन्न प्रजातियों का संकलन भी अद्वितीय है।
शाकभाजी पण्डाल में ब्रोकली, बेवीकॉन, मशरूम, कद्दू, गोभी, बैंगन, टमाटर, मटर तथा फलों में बेर, पपीता, अमरूद, संतरा, चाइना औरेंज भी सबको लुभा रहा है। गमलों में लगी शाकभाजी द्वारा गृहवाटिका का भी सराहनीय प्रदर्शन किया गया है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण उद्यान शाखा आगरा, द्वारा बोन्साई, प्रजाति के औषधीय पौधों का पाण्डाल प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया गया।
रजनीश पाण्डेय, अधीक्षक, राजकीय उद्यान, आगरा एवं मुकेश कुमार, उप निदेशक उद्यान आगरा मण्डल, आगरा ने बताया कि प्रदर्शनी में मण्डल के 1140 प्रतियोगियों ने भाग लिया। प्रदर्शनी का सर्वोत्तम पुष्प गमला समूह पुरूष्कार सिनरेरिया में राजकीय उद्यान टैंक नं0 4, सर्वोत्तम पुष्प डहेलिया तथा सर्वोत्तम प्रदर्श फोलियेज गमला समूह का पुरुष्कार राजकीय उद्यान जंगीखान, आगरा को प्राप्त हुआ।