
इंस्टाग्राम पर ‘आखिरी वीडियो’ डाल टैबलेट खा रहा था युवक, एत्माद्दौला पुलिस की सतर्कता से बची जान
विष्णु सिकरवार
आगरा। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के अब्बास नगर में एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब सोशल मीडिया पर आत्महत्या की मंशा से वीडियो पोस्ट कर रहे युवक को पुलिस ने समय रहते बचा लिया।
जानकारी के अनुसार, अब्बास नगर निवासी साहिल नामक युवक ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह आत्महत्या की बात कहते हुए एक साथ कई टैबलेट खाता दिखाई दे रहा था। यह वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड होते ही पुलिस मीडिया सेल की नजर में आ गया।
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए मीडिया सेल ने तत्काल थाना पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी अरुण बिल्गैया अपनी टीम के साथ बिना देर किए युवक के घर पहुंचे। दरवाजा खुलवाकर साहिल को कमरे से बाहर निकाला गया और तुरंत आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से उसकी जान बच गई।
घटना के बाद परिवार में राहत की सांस ली गई। परिजनों ने पुलिस टीम का आभार जताते हुए कहा कि यदि थोड़ी भी देर हो जाती तो अनहोनी हो सकती थी। वहीं साहिल ने भी पुलिस के समक्ष भविष्य में ऐसा कदम दोबारा न उठाने का वादा किया।
यह घटना दर्शाती है कि सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट भी जीवन-मृत्यु का सवाल बन सकती है, और पुलिस की सजगता व त्वरित कार्रवाई किसी के लिए नई जिंदगी का कारण बन सकती है।