
महाशिवरात्रि पर मिश्रित में धूम धाम से निकली भगवान शिव की पालकी , दधीचि कुंड तीर्थ की हुई परिक्रमा
मिश्रित सीतापुर / महा शिवरात्रि के पावन अवसर पर मिश्रित में स्थित प्रसिद्ध दधीचि तीर्थ पर प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी दधीचेश्वर नाथ महादेव मंदिर से भगवान शिव की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई । यह पालकी यात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर पावन दधीचि कुंड तीर्थ के चारों ओर परिक्रमा करते हुए पुनः दाधिचेश्वर नाथ महादेव मंदिर पहुंची । मंदिर पहुंचने के उपरांत भगवान शिव का विधिवत श्रृंगार एवं भव्य आरती संपन्न हुई । जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओ ने भाग लिया । आरती के बाद भक्तों के बीच प्रसाद वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया । जिससे पूरा तीर्थ परिसर भक्तिमय माहौल से सरोबोर हो गया । यह धार्मिक आयोजन दधीचि कुंड के प्रधान पुजारी राहुल शर्मा के नेतृत्व में प्रत्येक वर्ष श्रद्धा और परंपरा के अनुसार संपन्न कराया जाता है । जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु भाग लेते हैं । आयोजन को सफल बनाने में मिश्रित पुलिस प्रशासन का भी सराहनीय सहयोग रहा । सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद बना रहा । जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न हुआ ।