
हिमांशु द्विवेदी /नैमिष टुडे
छिबरामऊ। जनपद कन्नौज की छिबरामऊ कोतवाली पुलिस लगातार जनता के बीच जाकर “मिशन शक्ति फेस 5.0” के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने में जुटी है।
रविवार, दिनांक 05 अक्तूबर 2025 को पुलिस टीम ने क्षेत्र का भ्रमण करते हुए ग्राम कपूरपुर बहबलपुर और कल्याणपुर बहबलपुर में जनचौपाल लगाकर महिलाओं से संवाद किया।
चौपाल में आशा बहुओं, प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिकाओं, ग्राम प्रधानों और ग्राम की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पुलिस टीम ने उन्हें नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और एंटी रोमियो अभियान के तहत उनकी सुरक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी दी।
महिलाओं को बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति या अपराध की स्थिति में वे तुरंत पुलिस सहायता के लिए वीमेन पावर लाइन 1090, UP112, 181 महिला हेल्पलाइन, ऑपरेशन कवच, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड लाइन 1098 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 / 155260 पर संपर्क कर सकती हैं।
साथ ही उन्हें साइबर अपराध, धोखाधड़ी और ऑनलाइन उत्पीड़न जैसे बढ़ते मामलों से बचाव के उपाय भी समझाए गए।
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त निरीक्षक बृजमोहन पाल, सब इंस्पेक्टर अंकिता तिवारी, कांस्टेबल शिवानी पाराशर, नेहा रघुवंशी और बबली धामा सहित पुलिस टीम मौजूद रही।
छिबरामऊ पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान महिलाओं के बीच सुरक्षा की भावना को मजबूत कर रहा है। हाल के महीनों में मिशन शक्ति के अंतर्गत पुलिस ने विद्यालयों, ग्राम सभाओं, बाजारों और संस्थानों में जाकर सैकड़ों महिलाओं और छात्राओं को आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा और कानूनी अधिकारों की जानकारी दी है।
स्थानीय लोगों ने छिबरामऊ पुलिस के इस जनसंपर्क और जागरूकता अभियान की सराहना की और कहा कि ऐसे प्रयासों से समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और सुरक्षा का वातावरण मजबूत हो रहा है।