
आगरा उत्तर प्रदेश, शौर्य तिरंगा यात्रा में उमड़ा देशभक्ति का सैलाब, वीर सैनिकों को किया गया नमन
–बल्केश्वर क्षेत्र में निकाली गई शौर्य तिरंगा यात्रा, पुष्प वर्षा से किया स्थानीय लोगों ने स्वागत
विष्णु सिकरवार
आगरा। ऑपरेशन सिंदूर की ऐतिहासिक सफलता के उपलक्ष्य में वीर सैनिकों के सम्मान में आयोजित शौर्य तिरंगा यात्रा का गुरुवार को वार्ड-91 बल्केश्वर क्षेत्र में भव्य आयोजन किया गया। यात्रा का शुभारंभ कपड़ा मंदिर से हुआ और समापन शनिदेव मंदिर, बल्केश्वर चौराहे पर हुआ। पूरे मार्ग में देशभक्ति का माहौल गूंजता रहा और लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने साबित कर दिया है कि भारत अपनी संप्रभुता और सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यह यात्रा हमारी सेना के प्रति आभार और सम्मान का प्रतीक है।
यात्रा संयोजक एवं वार्ड पार्षद मुरारी लाल गोयल ने कहा कि शौर्य तिरंगा यात्रा का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम को जागृत करना और सेना के बलिदान को जन-जन तक पहुँचाना है। नागरिकों की भारी सहभागिता ने इसे ऐतिहासिक बना दिया।
यात्रा में सुमन गोयल, डॉ कुंदनिका शर्मा, सुरेश बवेजा, इंद्र डाबर, संजय वर्मा पोला भाई, रविकांत चावला, हरिओम गोयल, महेश निषाद, रोहित कत्याल, विश्वनाथ भारद्वाज, मयंक खंडेलवाल, अरुण शिरोमणि आदि सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय नागरिक, युवा, समाजसेवी एवं भाजपा कार्यकर्ता तिरंगा लेकर शामिल हुए। पूरे मार्ग को देशभक्ति के नारों, झंडों और बैंड-बाजों से सजाया गया था। जगह जगह शीतल पेय, शरबत, जलपान आदि की व्यवस्था रही। बच्चों द्वारा स्केटिंग पर देशभक्ति गीतों के मध्य प्रस्तुति और नारों ने माहौल को जीवंत बना दिया। कार्यक्रम का समापन शनिदेव मंदिर पर देशभक्ति गीतों और सेना के बलिदानों को स्मरण करते हुए किया गया।