
तड़का का वध कर,जय श्री राम के नारों से गूंज उठा पांडाल
नैमिष टुडे – अज़मुददीन अहमद
मिश्रिख़/सीतापुर मिश्रिख क्षेत्र के ग्राम नईबस्ती में गोला बाबा मेला का आयोजन किया गया l हरगांव तिहार से आई रामलीला पार्टी का मंचन हुआ, जिसमें ताड़का वध और अहिल्या उद्धार का दृश्य प्रस्तुत किया गया। दर्शकों की भीड़ जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठी। महर्षि विश्वामित्र चक्रवर्ती नरेश राजा दशरथ से यज्ञ की रक्षा के लिए राम और लक्ष्मण को मांगने उनके महल पहुंचे। महर्षि ने राजा दशरथ से कहा कि राजन ताड़का नाम की राक्षसी से पूरा समाज भयभीत है। वह जप तप यज्ञ इत्यादि नहीं करने देती है। इसलिए यज्ञ की रक्षा के लिए राम और लक्ष्मण को लेने आया हूं। यह सुनते ही राजा दशरथ दुखी हो गए और कहा कि मुनिवर मेरे राम व लक्ष्मण बहुत कोमल व सुकुमार हैं, भला ताड़का जैसी राक्षसी का कैसे वध करेंगे? ऋषिवर मैं स्वयं आपके यज्ञ की रक्षा के लिए चलूंगा, लेकिन राम व लक्ष्मण को नहीं जाने दूंगा। राजा दशरथ की बात सुन महर्षि विश्वामित्र क्रोधित हो गए और बोले कि मैं तुम्हारी अयोध्या नगरी को भस्म कर दूंगा। उसी समय वशिष्ठ मुनि आते हैं और विश्वामित्र को शांत कराते हुए राजा दशरथ को समझाते हैं कि राम लोक कल्याण के लिए अवतरित हुए हैं। इसलिए इनको महर्षि विश्वामित्र के साथ जाने दीजिए। राजा दशरथ राम व लक्ष्मण को विश्वामित्र के साथ विदा करते हैं। भगवान राम रास्ते मे ही ताड़का नाम की राक्षसी का वध करते हैं। ताड़का का वध करते ही रामलीला प्रांगण जय श्रीराम के नारे से गुंजायमान हो उठा। इस अवसर पर मेला संचालक आनंद अवस्थी,नरेंद्र अवस्थी,विजय अवस्थी,निर्मल अवस्थी,पंकज शुक्ल,रजत अवस्थी,कमलेश मिश्रा,राजबहादुर यादव,श्यामा कुमार मौर्य, वीरू अवस्थी, शिवम,रवि आदि हज़ारों की संख्या में लोग मौजूद रहे l