देहगरी जमालपुर में दुर्गा पूजा पंडाल में विवाद, पांच गिरफ्तार

देहगरी जमालपुर में दुर्गा पूजा पंडाल में विवाद, पांच गिरफ्तार

डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट, ईंट-पत्थर चलने से दोनों पक्षों के लोग घायल

 

कुंडा/प्रतापगढ़। मानिकपुर थाना क्षेत्र के देहगरी जमालपुर गांव में शुक्रवार रात दुर्गा पूजा पंडाल में आरती और प्रसाद वितरण के दौरान डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और लाठी-डंडों के साथ ईंट-पत्थर चलने लगे। मारपीट में दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आईं। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

ग्रामीणों ने दुर्गा प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने, कलश तोड़ने और नवग्रह चौकी पलटने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए समय से कार्रवाई न करने और तहरीर अपने हिसाब से लिखवाने का आरोप लगाया। घटना के विरोध में ग्रामीणों में आक्रोश है। मारपीट और पथराव के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात भी सामने आई है।

*पांच आरोपित गिरफ्तार*

पुलिस के अनुसार, प्राप्त तहरीर के आधार पर मानिकपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 262/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आपराधिक कानून संशोधन अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। शांति एवं कानून-व्यवस्था भंग होने की आशंका के मद्देनजर शनिवार को असगर अली, अफजल अली, अफसर अली, हैदर अली और सरवर अली को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है। क्षेत्राधिकारी कुंडा शिवनारायण वैश्य ने भी पांच लोगों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस के मुताबिक, विवाद डीजे बजाने को लेकर शुरू हुआ था और दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें