
अम्बेडकरनगर: ब्यूटी पार्लर में महिला के 40 ग्राम सोने के कंगन गायब, संचालिका-कर्मचारियों पर आरोप
नैमिष टुडे ब्यूरो /अम्बेडकरनगर
अकबरपुर के पटेल नगर तिराहे स्थित एक ब्यूटी पार्लर में वाराणसी की महिला के सोने के चार कंगन गायब होने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पार्लर संचालिका महजवी और कर्मचारियों पर कंगन चोरी करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने 16 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वाराणसी के पांडेयपुर निवासी नेहा सिंह के अनुसार, वह पांच अक्टूबर को ब्यूटी सर्विस कराने पार्लर पहुंची थीं। मैनीक्योर के दौरान कर्मचारी के कहने पर उन्होंने करीब 40 ग्राम वजन के सोने के चार कंगन उतार दिए। आरोप है कि कंगन उनकी पैंट की जेब में रखे गए, लेकिन कुछ देर बाद वे गायब मिले।
सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग, धमकी देने का भी आरोप
पीड़िता ने पार्लर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज दिखाने की मांग की। आरोप है कि संचालिका ने पहले जांच करने में असमर्थता जताई और बाद में कंगन तलाशकर लौटाने का आश्वासन दिया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि संचालिका उन्हें फैजाबाद स्थित एक अस्पताल ले गई और सात अक्टूबर तक वहीं रोके रखा। इसके बाद कंगन वापस करने का भरोसा दिया गया, लेकिन 10 अक्टूबर से फोन उठाना बंद कर दिया गया।
पीड़िता ने कुछ अन्य मोबाइल नंबरों से जान से मारने की धमकी दिलाने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर सोने के कंगन बरामद कराने की मांग की है।
पुलिस के मुताबिक, तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।