
अवैध खनन पर एसडीएम मोनालिसा जौहरी का शिकंजा, बालू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी
ब्यूरो चीफ भोलू तिवारी
बहराइच । तहसील मिहींपुरवा क्षेत्र में अवैध खनन एवं बालू के अनधिकृत परिवहन की शिकायत पर एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने त्वरित कार्रवाई की। रविवार को शिकायत प्राप्त होते ही उन्होंने राजस्व टीम को मौके पर भेजा। टीम ने कार्रवाई करते हुए बालू से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ ली। पकड़े गए वाहन को अग्रिम कार्रवाई के लिए थाना मोतीपुर में थानाध्यक्ष की अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया गया। प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी बहराइच को रिपोर्ट प्रेषित की गई है।
एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध खनन और खनिजों का अनधिकृत परिवहन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए निगरानी बढ़ाने के साथ शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।