
तीन दिन से लापता बुजुर्ग का शव पेड़ से लटकता मिला
नैमिष टुडे संवाददाता
गोंदलामऊ सीतापुर
सीतापुर जनपद के थाना सन्दना क्षेत्र के अंतर्गत एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ पिछले तीन दिनों से लापता एक 65 वर्षीय बुजुर्ग ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम नक्की मडिया मजरा समसापुर, थाना सदना के निवासी परवन 65 वर्ष,पुत्र स्वर्गीय मैकू आरख, बीते तीन दिनों से अपने घर से बिना किसी को कुछ बताए कहीं चले गए थे। परिजन उनकी काफी तलाश कर रहे थे, लेकिन उनका कहीं कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था।
रविवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के बाहर बांध के पास लगे एक चिलविल के पेड़ पर प्लास्टिक की रस्सी के फंदे से परवन का शव लटकता हुआ देखा। शव को देखते ही इलाके में हड़कंप मच गया और तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस व परिजनों को दी गई।
मृतक के परिवार में उनकी दो बेटियां, क्षमा और सीमा हैं, जिनका विवाह हो चुका है। परवन का कोई बेटा नहीं है और उनकी पत्नी की मृत्यु भी पहले ही हो चुकी है। घर में अकेले रहने के कारण वे पिछले कुछ समय से काफी परेशान थे। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, प्रथम दृष्ट्या यह मामला अवसाद के चलते आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
पुलिस की कार्रवाई और मौके पर शांति
घटना की सूचना मिलते ही सन्दना थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने पारिवारिक जनों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
थानाध्यक्ष प्रिंस सोनकर के अनुसार मौके पर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था बनी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा।