
नशामुक्ति का संदेश लेकर मां नायर देवी धाम से अयोध्या तक दौड़ेंगे मुलायम यादव
12 अक्टूबर से शुरू होगी दौड़ यात्रा, चार दिन में प्रतापगढ़, सुल्तानपुर और अंबेडकरनगर होते हुए पहुंचेंगे अयोध्या
कुंडा/प्रतापगढ़। युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और नशामुक्ति का संदेश देने के लिए कुंडा कोतवाली क्षेत्र के खेमीपुर निवासी मुलायम यादव मां नायर देवी धाम से अयोध्या तक दौड़ यात्रा निकालेंगे। 12 अक्टूबर से शुरू होने वाली इस यात्रा के जरिए वह युवाओं को नियमित व्यायाम करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे।शनिवार शाम हीरागंज में मुलायम यादव ने क्षेत्र के युवाओं को अपनी यात्रा के उद्देश्य और तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वह चार दिनों तक दौड़ते हुए प्रतापगढ़, सुल्तानपुर और अंबेडकरनगर के रास्ते प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या पहुंचेंगे। उनकी इस पहल का उद्देश्य युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाना है।मुलायम यादव इससे पहले मनगढ़, कुंडा से वृंदावन तक करीब 600 किलोमीटर की दौड़ यात्रा पूरी कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से वह लगातार इस तरह की पहल कर रहे हैं।इस दौरान श्रीचंद केसरवानी, बादल यादव, जतिन केसरवानी, सचिन यादव, अर्पित यादव, आनंद और मनोज केसरवानी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।