
कुसौली में ग्रामीण क्रिकेट का महामुकाबला
अजय भार्गव
नैमिष टुडे संवाददाता
गोंदलामऊ/ सीतापुर
संदना थाना क्षेत्र के ग्राम छोटी कुसौली में आगामी 10 सितंबर से एक भव्य ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन होने जा रहा है। इस प्रतियोगिता में क्षेत्र की 16 ग्राम सभाओं की टीमें अपने खेल का जौहर दिखाएंगी। टूर्नामेंट को लेकर स्थानीय खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष कल्ली अतुल कुमार गौतम के संयोजन में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता के सभी मुकाबले डे-नाइट होंगे, जो रेड बॉल से खेले जाएंगे। टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए टीमों का प्रवेश शुल्क 501 रुपये तय किया गया है।
प्रतियोगिता की विजेता टीम को 21,000 रुपये और उपविजेता टीम को 11,000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके साथ ही, तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को भी 2,100-2,100 रुपये का सांत्वना पुरस्कार मिलेगा।
ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए हर मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को चांदी का नोट दिया जाएगा। वहीं, पूरी सीरीज में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को चांदी का सिक्का और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की छिपी हुई क्रिकेट प्रतिभाओं को एक बेहतर मंच प्रदान करना है। टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की इच्छुक टीमें अपना पंजीकरण कराने के लिए स्थानीय संयोजक से संपर्क कर सकती हैं।