
मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को महिला और साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
चन्द्र गुप्त मौर्य इंटरमीडिएट कॉलेज में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम
कुंडा/ प्रतापगढ़। मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना मानिकपुर पुलिस की टीम ने शनिवार को चन्द्र गुप्त मौर्य इंटरमीडिएट कॉलेज पहुंचकर छात्राओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और महिला अधिकारों के प्रति जागरूक किया।कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, अप्रिय घटना या साइबर अपराध होने पर तत्काल पुलिस अथवा संबंधित हेल्पलाइन पर सूचना दें। टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं और महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी।छात्राओं को वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, पुलिस हेल्पलाइन 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102/108 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के बारे में बताया गया। साथ ही नए आपराधिक कानूनों की जानकारी देते हुए छात्राओं को उनके अधिकारों और कानूनी संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं से उनकी समस्याओं और सुरक्षा संबंधी परेशानियों के बारे में जानकारी ली तथा बिना किसी संकोच के पुलिस के समक्ष अपनी बात रखने के लिए प्रेरित किया। छात्राओं को थाना मानिकपुर में स्थापित महिला हेल्प डेस्क तथा मिशन शक्ति प्रभारी के सीयूजी मोबाइल नंबर 9454404119 और 9454407350 की जानकारी भी दी गई।पुलिस ने छात्राओं से अपील की कि किसी भी तरह की परेशानी या खतरे की स्थिति में चुप न रहें और तत्काल उपलब्ध सहायता सेवाओं का उपयोग करें। जनपद पुलिस की ओर से बताया गया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।