
सावन के दूसरे सोमवार को भक्तों से गुलजार रहा भयहरण नाथ धाम
“बोल बम” के जयघोष से गूंजा धाम, मेला मजिस्ट्रेट के मार्गदर्शन में रही चुस्त-दुरुस्त व्यवस्था
प्रतापगढ़। प्रसिद्ध पांडवकालीन भयहरण नाथ धाम में सावन के दूसरे सोमवार को बड़ी संख्या में शिवभक्त पहुंचे। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी और पूरा धाम “बोल बम” के जयघोष से गूंजता रहा। पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य, अग्निशमन, विद्युत विभाग और मेला समिति के कार्यकर्ताओं ने व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में सहयोग किया।भयहरण नाथ धाम क्षेत्रीय विकास संस्थान के महासचिव समाज शेखर ने बताया कि सुबह करीब पांच बजे से ही शिवभक्तों का आगमन शुरू हो गया था। मुख्य मंदिर के पुजारी भोला नाथ तिवारी सहित सभी मंदिरों के पुजारियों एवं सेवकों ने विधि-विधान से पूजन के बाद कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए।मेला क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था लगातार जारी रही। खान-पान की दुकानों को डस्टबिन रखने तथा आसपास सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए। प्रशासनिक कार्यालय में मेला मजिस्ट्रेट रामानुज पांडेय के मार्गदर्शन में मुख्य मेला नियंत्रण कक्ष का संचालन भी जारी रहा।व्यवस्था में जेठवारा थानाध्यक्ष नरेंद्र सिंह, चौकी प्रभारी सुशील कटियार, राजस्व निरीक्षक अशोक दुबे, लेखपाल प्रशांत कुमार सहित क्षेत्रीय राजस्व कर्मियों ने सहयोग किया।
चिकित्सा शिविर में श्रद्धालुओं को मिली स्वास्थ्य सुविधा
स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेला परिसर में चिकित्सा शिविर लगाया गया। यहां डॉ. अजय सिंह, डॉ. कल्पना तथा स्वास्थ्यकर्मी महेंद्र कुमार और योगेंद्र कुमार ने श्रद्धालुओं एवं आम लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया और आवश्यक दवाएं वितरित कीं।अग्निशमन एवं विद्युत विभाग के कर्मचारी भी आवश्यक संसाधनों के साथ सतर्क रहे। कार्यालय प्रभारी संजीव मिश्र एवं स्वच्छता नायक राज कुमार गौतम ने मंदिर एवं मेला समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
सावन के दूसरे सोमवार पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के बावजूद प्रशासन और मेला समिति की ओर से की गई व्यवस्थाओं के चलते मेला क्षेत्र में व्यवस्था सुचारु बनी रही।