ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह का वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, 9 पासबुक और 4 चेकबुक बरामद

ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह का वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, 9 पासबुक और 4 चेकबुक बरामद

कुण्डा/प्रतापगढ़। ऑनलाइन सट्टेबाजी एवं गेमिंग के जरिए लोगों को ठगी के जाल में फंसाने वाले गिरोह के खिलाफ कुण्डा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से विभिन्न बैंक खातों की 9 पासबुक, 4 चेकबुक, एक आधार कार्ड और 3 QR कोड बरामद हुए हैं।पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान शैलेन्द्र प्रताप सिंह पुत्र मोहनलाल सिंह, निवासी ग्राम त्रिलोकपुर, पोस्ट बरों, थाना बाघराय, प्रतापगढ़ के रूप में की है।

New LOTUS Gaming से जुड़ा होने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, 7 अगस्त को तिलौरी मोड़ स्थित शिवपुरम कॉलोनी में ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़ी गतिविधियों की जांच के दौरान सौरभ सिंह को विभिन्न लोगों के नाम की पासबुक और चेकबुक के साथ पकड़ा गया था। पूछताछ में कथित तौर पर शैलेन्द्र प्रताप सिंह समेत अन्य लोगों के साथ मिलकर New LOTUS Gaming की ऑनलाइन सट्टेबाजी ब्रांच संचालित करने तथा अलग-अलग बैंक खातों के जरिए सट्टेबाजी की रकम का लेन-देन करने की जानकारी सामने आई।पुलिस का दावा है कि इन बैंक खातों का इस्तेमाल सट्टेबाजी से प्राप्त रकम के लेन-देन और कथित तौर पर धोखाधड़ी से हासिल धनराशि को निकालने के लिए किया जाता था।

दुखिया चौराहे से गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार 11 अगस्त की रात निरीक्षक संजय कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ बाबूगंज के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि मामले का मुख्य वांछित अभियुक्त शैलेन्द्र प्रताप सिंह दुखिया चौराहे पर मौजूद है और कहीं जाने की फिराक में है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे रात करीब 12:25 बजे गिरफ्तार कर लिया।तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद काले रंग के बैग से 9 बैंक पासबुक, 4 चेकबुक, एक आधार कार्ड और 3 QR कोड बरामद किए गए।

पहले गिरफ्तार आरोपी से भी हुई थी बड़ी बरामदगी

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में पहले गिरफ्तार सौरभ सिंह के कब्जे से 8 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, एक टैबलेट, 15 बैंक पासबुक, 9 चेकबुक, 7 एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, QR सामग्री, दो Google Pay मशीन, 6 एटीएम स्लिप और 5 रजिस्टर/डायरी बरामद हुई थी।मामले में पुलिस ने मु0अ0सं0 307/2026 के तहत बीएनएस, आईटी एक्ट और Promotion and Regulation of Online Gaming Act, 2025 की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में सामने आए अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।

पुलिस की अपील

प्रतापगढ़ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी या जल्द पैसा कमाने का लालच देने वाले ऐप और वेबसाइट के झांसे में न आएं। किसी अनजान व्यक्ति को बैंक खाता, पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, OTP या PIN उपलब्ध न कराएं और अपने बैंक खाते का इस्तेमाल किसी अन्य व्यक्ति को न करने दें।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें