
दो मंजिला मकान में लगी भीषण आग
लाखों का सामान जलकर राख, पीड़ित परिवार बेघर
विकास मिश्रा
नैमिष टुडे संवाददाता
सकरन/ सीतापुर थाना क्षेत्र सकरन के सुमरावां गांव में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे अज्ञात कारणों से दो मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। आग में प्यारेलाल पुत्र शम्भू का पूरा घर जलकर राख हो गया। हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते उसने विकराल रूप ले लिया और पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने बाल्टी, पाइप और मिट्टी की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की चपेट में आने से घर में रखे 22 हजार रुपये नकद, मोटरसाइकिल के कागजात, जरूरी दस्तावेज, कपड़े, अनाज, जेवर और घी सहित गृहस्थी का लगभग सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। बताया जा रहा है कि 22 हजार रुपये प्यारेलाल ने मिर्च बेचकर रखे थे। हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, यह राहत की बात रही।
आग लगने के बाद पीड़ित प्यारेलाल और उनका परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है। घर का सारा सामान जल जाने से उनके सामने भोजन और रहने का संकट खड़ा हो गया है।
क्षेत्रीय लेखपाल विकास कश्यप ने बताया कि घटना की सूचना मिली है मौके पर जाकर नुकसान का आकलन करके और नियमानुसार पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाया जाएगा।