
‘एक पेड़ माँ के नाम’ वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत रानीगंज विधानसभा क्षेत्र में हुआ वृहद पौधारोपण
रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड शिवगढ़ स्थित ग्राम तौकलपुर एवं थाना देल्हूपुर परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत भव्य पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय जी तथा विशिष्ट अतिथि रानीगंज के पूर्व विधायक अभय कुमार उर्फ धीरज ओझा ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण, मातृ सम्मान एवं हरित उत्तर प्रदेश के निर्माण का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि “माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किया गया ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान केवल पौधारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारी भारतीय संस्कृति, मातृभक्ति और प्रकृति के प्रति कर्तव्यबोध का प्रतीक है। प्रत्येक व्यक्ति यदि अपनी माँ के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करने का संकल्प ले, तो आने वाले वर्षों में उत्तर प्रदेश ही नहीं, पूरा देश हरित एवं स्वच्छ वातावरण का आदर्श प्रस्तुत करेगा। पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इसमें जनभागीदारी ही सबसे बड़ी शक्ति है
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं हरित उत्तर प्रदेश के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा ही नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ जीवन देने का भी आधार हैं।
विशिष्ट अतिथि रानीगंज के पूर्व विधायक अभय कुमार उर्फ धीरज ओझा ने कहा कि “‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान समाज को पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ अपनी संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने का एक प्रेरणादायी माध्यम है। माँ हमारे जीवन का आधार हैं और वृक्ष पृथ्वी के जीवन का आधार हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक को अपनी माँ के सम्मान में एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसकी देखभाल अपने परिवार के सदस्य की तरह करनी चाहिए। यही अभियान की वास्तविक सफलता होगी।”
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। यदि हम सभी पौधारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लें, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित भारत प्रदान कर सकेंगे।
कार्यक्रम में सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष श आशीष कुमार श्रीवास्तव , जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय जी, ब्लॉक प्रमुख शिवगढ़ सत्यम ओझा , पूर्व विधायक बृजेश मिश्रा ‘सौरभ’ सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को जन-जन तक पहुँचाने, अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया। सभी ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए हरित, स्वच्छ एवं समृद्ध भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प व्यक्त किया।
“एक पेड़ माँ के नाम” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि माँ के प्रति सम्मान, प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और आने वाल पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता का सशक्त प्रतीक है।