
विकसित भारत गारंटी मिशन के तहत, पूरे परमेश्वर में 125 दिवसीय रोजगार गारंटी योजना का शुभारंभ
प्रतापगढ़। जनपद के विकास खंड संडवा चंडिका की ग्राम पंचायत पूरे परमेश्वर में गुरुवार को ‘विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन’ के तहत 125 दिवसीय रोजगार गारंटी योजना का शुभारंभ किया गया। यह योजना प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशों के क्रम में शुरू की गई है। योजना का उद्घाटन मजदूरों से कार्य प्रारंभ कराकर विधिवत रूप से किया गया। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर पैदा करना, श्रमिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और ग्रामीण आजीविका को मजबूती प्रदान करना है। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी इशरत रोमेल ने की, जबकि संचालन ग्राम विकास अधिकारी संजय पांडे ने किया। इस योजना के माध्यम से पात्र श्रमिकों को 125 दिनों तक रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अवसर पर तकनीकी सहायक बृजेश तिवारी, प्रशासक प्रतिनिधि दीपक सरोज, भोला सिंह, ग्राम रोजगार सेवक प्रीति सहित सफाई कर्मचारी नन्हेंलाल, मनीष कुमार, रीता देवी, कल्पना, राधिका, राजकुमारी एवं सुमित कोरी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। उपस्थित अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए सहयोग का संकल्प लिया। उन्होंने इसे ग्रामीण विकास एवं रोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखा गया, और अधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि यह योजना क्षेत्र के श्रमिक परिवारों के लिए आर्थिक संबल सिद्ध होगी।