
लालगंज, प्रतापगढ़ , विधायक मोना के प्रयास से पौराणिक धामों समेत महत्वपूर्ण शहरों के लिए मिली यात्री सेवाओं की सौगात, खुशी
पीपी, आराधना मिश्रा मोना
लालगंज, प्रतापगढ़। क्षेत्रीय विधायक एवं कांग्रेस विधानमण्डल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना के प्रयास से लालगंज डिपो को सात नई यात्री बस सेवाओं की सौगात मिली है। श्रावण माह में क्षेत्रीय श्रद्धालुओं को अयोध्या, विंध्याचल, प्रयागराज के लिए नई यात्री सेवाआंे से विशेष सहूलियत मिली है। वहीं विधायक के प्रयास से जल्द ही चित्रकूट धाम के लिए भी लालगंज से नई यात्री सेवा का शुभारंभ होने की आस जगी है। विधायक आराधना मिश्रा मोना ने परिवहन निगम के प्रबन्ध निदेशक को पत्र लिखकर लालगंज डिपो के लिए क्षेत्रीय लोगों के आवागमन की सुविधा के लिए बीस से पचीस नई यात्री बस सेवाओं के संचालन कराए जाने का अनुरोध किया था। विधायक मोना के पत्र का असर भी दिखने लगा है। परिवहन निगम ने लालगंज डिपो के लिए बीस बसों की स्वीकृति पर मुहर लगा दी है। इनमें से सात नई यात्री बस सेवाओं का संचालन शुरू भी हो गया है। अठेहा-लखनऊ, लालगंज-मिर्जापुर, लालगंज-प्रयागराज, लालगंज-अयोध्या के लिए डिपो द्वारा यात्री सेवाओं का संचालन प्रारम्भ कर दिया गया है। जल्द ही डिपो द्वारा लालगंज से चित्रकूट-बांदा के लिए यात्री बस सेवा का संचालन किया जाएगा। विधायक के मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने बताया कि विधायक आराधना मिश्रा मोना के प्रस्ताव के तहत शीघ्र लालगंज डिपो को तेरह नई यात्री बस सेवाओं की भी सौगात मिलने की उम्मीद है। वहीं शनिवार को सांगीपुर बाजार में अठेहा-लखनऊ यात्री सेवा के शुभारंभ को लेकर कांग्रेसियों ने विधायक मोना के प्रयास को लेकर खुशी जतायी। इस मौके पर डॉ0 अमिताभ शुक्ल, रामबोध शुक्ल, चंदन पाण्डेय, विकास तिवारी, अशोकधर द्विवेदी, कुंवर बहादुर सिंह, शंकर मोदनवाल, राजेश कौशल, मनीष सिंह आदि रहे।