
विधायक द्वारा छह विकास कार्यों का किया गया शिलान्यास
डबल इंजन सरकार में हो रहा चौमुखी विकास : निर्मल वर्मा
विकास मिश्रा/नैमिष टुडे संवाददाता
सकरन/सीतापुर।विधानसभा क्षेत्र बिसवां के अंतर्गत गुरुवार को क्षेत्रीय भाजपा विधायक निर्मल वर्मा ने एक साथ छह विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और ग्रामीण संपर्क मार्गों की स्थिति बेहतर होगी। इस दौरान स्थानीय लोगों ने विधायक का फूल-मालाओं से स्वागत किया और भाजपा के समर्थन में नारे लगाए। शिलान्यास किए गए कार्यों में मजलिसपुर रत्नापुर पक्के मार्ग से चौबगा मार्ग का पुनर्निर्माण, बंजरिया संपर्क मार्ग का निर्माण, कोंसर चौराहे से कोंसर गांव तक मार्ग का पुनर्निर्माण, हरैया बाजार से कोंसर मदनापुर घाट पर पुलिया निर्माण, बेलवा से लल्लापुर धाम मंदिर तक संपर्क मार्ग का निर्माण तथा गठिया से बसैहा तक संपर्क मार्ग का निर्माण शामिल है। इस अवसर पर विधायक निर्मल वर्मा ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार में प्रदेश का चौमुखी विकास हो रहा है। सरकार द्वारा कराए जा रहे विकास कार्य अब धरातल पर दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए सुशासन व्यवस्था को बेहतर बताया। साथ ही आगामी चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी को विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के हित में लगातार कार्य कर रही है, इसलिए जनता को भी विभिन्न दलों के बहकावे में आने से बचना चाहिए। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज सिंह, अंशुमान वर्मा, प्रदीप गौड़, रामजीवन प्रधान,चंद्र कुमार सिंह तोमर, जलीस अहमद प्रधान,सुशील बाजपेई, राहुल वाजपेई, कौशल मौर्य, विनीत सिंह, अवर अभियंता विनय कुमार, सहायक अभियंता असीम यादव, महंत मिश्री दास, सोबरन लाल सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।