
गोंदलामऊ क्षेत्र में करोड़ों के विकास कार्यों का विधायक मनीष रावत ने किया शिलान्यास
नैमिष टुडे संवाददाता
सीतापुर। विकास खंड गोंदलामऊ क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए गुरुवार को सिधौली विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक मनीष रावत ने विभिन्न ग्राम पंचायतों में करोड़ों रुपये की लागत से कराए जा रहे निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें सीसी रोड, इंटरलॉकिंग सड़क, डामर मार्ग के नवनिर्माण एवं नवीनीकरण के साथ कुर्सी ग्राम पंचायत में निर्माणाधीन शवदाह गृह का कार्य भी शामिल है।
शिलान्यास किए गए प्रमुख कार्यों में अल्लीपुर-सूरजपुर संपर्क मार्ग का डामर नवनिर्माण, अल्लीपुर में शीतलामाता मंदिर से सड़क तक सीसी निर्माण, बालजतीघाट संपर्क मार्ग से हिण्डौरा संपर्क मार्ग का नवीनीकरण शामिल है। इसके अलावा कुर्सी गांव में रामपाल के घर से प्रदीप के घर होते हुए धर्मेश के घर तक इंटरलॉकिंग एवं नाली निर्माण कराया जाएगा। रामपुर-कुर्सी मार्ग से दिनेश के मकान से रामचंद्र के मकान तक इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य भी प्रस्तावित है।
इसी क्रम में जानकीपुर गांव में डामरपुर रोड से राधेश्याम के घर तक तथा नंदवन में डामर रोड से मंदिर तक सीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। वहीं कुर्सी ग्राम पंचायत में करीब 24 लाख रुपये की लागत से बन रहे शवदाह गृह का भी शिलान्यास किया गया।
इस अवसर पर विधायक मनीष रावत ने प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विकास सरकार की प्राथमिकता है। इन निर्माण कार्यों से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी।
इस दौरान राजेश कश्यप, विवेक सिंह, इंद्र प्रताप सिंह उर्फ लिटिल, प्रवीण अवस्थी, कल्लू सिंह, अन्नू, यतींद्र नाथ धनगर, कुर्सी प्रधान मायाराम रावत, राजू सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद रहे।