
डीजे की आवाज को लेकर विवाद में युवक की हत्या, घर से 30 मीटर दूर मिला शव
नैमिष टुडे ब्यूरो
अम्बेडकरनगर। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के बनकटा बुजुर्ग गांव में डीजे बजाने को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि रविवार देर रात पड़ोसियों ने डीजे संचालक युवक की पीटकर हत्या कर दी। सोमवार सुबह युवक का शव उसके घर से करीब 30 मीटर दूर मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
मृतक की पहचान पिटू गौतम (पुत्र स्वर्गीय लालचंद गौतम) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि पिटू डीजे संचालन का काम करता था। छठ पर्व के अवसर पर डीजे बजाने के बाद वह देर रात घर लौटा था। इसके बाद वह अपने घर में डीजे बजा रहा था। इसी दौरान तेज आवाज को लेकर पड़ोसी से उसकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया, जिसके बाद पिटू घर के बाहर सोने चला गया।
आरोप है कि देर रात पड़ोसियों ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को घर से करीब 30 मीटर दूर फेंक दिया गया। सोमवार सुबह करीब छह बजे ग्रामीणों ने शव देखा तो गांव में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही राजेसुल्तानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया। थानाध्यक्ष अमित पांडेय ने बताया कि डीजे बजाने को लेकर रात में विवाद हुआ था। युवक की हत्या की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।