
महमूदाबाद में शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश, पांच अभियुक्त गिरफ्तार*
मोबाइल दुकान में सेंध लगाकर चोरी किए गए 22 मोबाइल बरामद, करीब 3.5 लाख रुपये आंकी गई कीमत
महमूदाबाद, सीतापुर। महमूदाबाद पुलिस और एसओजी टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मोबाइल दुकान में सेंध लगाकर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी के कुल 22 मोबाइल फोन, एक लोहे का सब्बल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 3.5 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सीतापुर अंकुर अग्रवाल द्वारा त्योहारों के दृष्टिगत अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए दिए गए निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद कपूर कुमार के नेतृत्व में थाना महमूदाबाद पुलिस एवं एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस टीम ने पांचों अभियुक्तों को पैंतेपुर नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया।
*21 अक्टूबर की रात मोबाइल दुकान में की थी चोरी*
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 21 अक्टूबर 2026 की रात नूरपुर स्थित ‘न्यू नेशनल मोबाइल’ की दुकान के पीछे सेंध लगाकर मोबाइल फोन, कागजात और मोबाइल पार्ट्स चोरी किए थे। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी के 22 मोबाइल बरामद किए। बरामद मोबाइलों के IMEI नंबरों का मिलान पीड़ित दुकानदार द्वारा उपलब्ध कराई गई सूची से किया गया, जो सही पाए गए।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई लाल रंग की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (नंबर UP 41 Z 2102) और दुकान का ताला व दीवार तोड़ने में प्रयुक्त लोहे का धारदार सब्बल भी बरामद किया है। मोटरसाइकिल को एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है।
*बाराबंकी के रहने वाले हैं* सभी गिरफ्तार अभियुक्त
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान महेश पुत्र स्वर्गीय रज्जूलाल, मनोज पुत्र शिव प्रसाद और बृजेश पुत्र स्वर्गीय सुंदरलाल निवासी रसूलपुर थाना फतेहपुर, जनपद बाराबंकी, उदयराज पुत्र देशराज निवासी नन्दरासी थाना फतेहपुर, जनपद बाराबंकी तथा मंगलम मिश्रा पुत्र विजय कुमार निवासी कोलदहा थाना हैदरगढ़, जनपद बाराबंकी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त महेश का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध बाराबंकी जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट और मारपीट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध पूर्व में भी करीब एक दर्जन आपराधिक अभियोग पंजीकृत होने की जानकारी दी गई है।
*इन मोबाइल कंपनियों के फोन हुए बरामद*
पुलिस ने विभिन्न कंपनियों के कुल 22 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनमें वीवो, मोटोरोला, ओप्पो, रेडमी, पोको, रियलमी, इनफिनिक्स, लावा और अन्य कंपनियों के मोबाइल शामिल हैं। इनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 3.5 लाख रुपये बताई गई है।
*इस मामले में थाना* महमूदाबाद पर पहले से मु0अ0सं0 414/2026 धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज था। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए सभी अभियुक्तों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
*इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका*
इस कार्रवाई में थाना महमूदाबाद के प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र विक्रम सिंह, उपनिरीक्षक इन्द्रजीत सिंह, उपनिरीक्षक बेचन यादव, हेड कांस्टेबल विशाल गुप्ता, कांस्टेबल चन्द्रप्रकाश, संजीव कुमार, गौरव कुमार, विपिन कुमार एवं वेद प्रकाश शुक्ला सहित पुलिस टीम शामिल रही।
वहीं एसओजी टीम से निरीक्षक अजय कुमार राय, उपनिरीक्षक अरविन्द शुक्ला सहित हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल एवं महिला कांस्टेबल की टीम ने गिरफ्तारी और बरामदगी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई से मोबाइल चोरी की घटना का खुलासा हुआ है और चोरी किए गए सभी 22 मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए हैं।