
जैतपुर पुलिस की कार्रवाई, दो किशोरियों के लापता होने पर चार युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
नैमिष टुडे ब्यूरो
अंबेडकरनगर। जैतपुर थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग गांवों से दो नाबालिग किशोरियों के लापता होने के मामलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने चार नामजद युवकों पर किशोरियों को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस दोनों किशोरियों की तलाश में जुटी है।
पहली घटना में तीन युवकों पर आरोप
पहले मामले में एक महिला ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 20 अक्टूबर की रात उसकी 17 वर्षीय बेटी लापता हो गई। आरोप है कि गांव का सोनू अपने साथियों दानिश और विकास के साथ मिलकर किशोरी को बहला-फुसलाकर ले गया। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस से शिकायत की गई।
नेवादा बाजार गई किशोरी का नहीं लगा सुराग
दूसरे मामले में एक महिला ने बताया कि उसकी 16 वर्षीय बेटी 25 अक्टूबर को नेवादा बाजार गई थी। आरोप है कि वहां से अरुण राजभर उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। देर शाम तक बेटी के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की। कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
थानाध्यक्ष बोले दोनों मामलों में कार्रवाई जारी
जैतपुर थानाध्यक्ष प्रेमचंद ने बताया कि दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस किशोरियों का पता लगाने के लिए प्रयास कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में जांच जारी है। फिलहाल किशोरियों की तलाश और घटनाओं से जुड़े तथ्यों का सत्यापन प्राथमिकता है।