चार फीट ट्रेंच विधि से बढ़ेगा गन्ने का उत्पादन, किसानों को वैज्ञानिक खेती के बताए तरीके

चार फीट ट्रेंच विधि से बढ़ेगा गन्ने का उत्पादन, किसानों को वैज्ञानिक खेती के बताए तरीके

बेहटा बेहटी में कृषक गोष्ठी का आयोजन, 140 से 150 किसानों ने लिया भाग; अंतरफसली खेती से अतिरिक्त आय पर दिया जोर

बिसवां (सीतापुर)। दि सक्सेरिया बिसवां शुगर फैक्ट्री लिमिटेड के हाजीपुर जोन अंतर्गत ग्राम बेहटा बेहटी में शरदकालीन गन्ना बुवाई को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें करीब 140 से 150 किसानों ने प्रतिभाग किया। गोष्ठी के दौरान लाइव डेमॉन्स्ट्रेशन के माध्यम से किसानों को गन्ने की उन्नत खेती, बीज उपचार, मृदा स्वास्थ्य सुधार और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई।
गोष्ठी में डॉ. राम कुशल सिंह, सलाहकार (गन्ना विकास) ने किसानों को चार फीट की दूरी पर 10 इंच गहरी ट्रेंच में सिंगल लाइन विधि से गन्ने की बुवाई करने की सलाह दी। उन्होंने बुवाई के लिए उपचारित दो गांठ वाले बीज टुकड़ों के प्रयोग पर जोर देते हुए जीवामृत, घन जीवामृत, ट्राइकोडर्मा एवं नीम तेल से बीज उपचार के महत्व को समझाया। साथ ही कंपोस्ट, वर्मी-कंपोस्ट और जीवामृत के इस्तेमाल से मिट्टी की उर्वरता एवं स्वास्थ्य बेहतर बनाने की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि किसान शरदकालीन गन्ने के साथ मसूर, मटर, चना, तुरिया/लाही, लहसुन, धनिया और आलू जैसी अंतरफसली फसलें अपनाकर अतिरिक्त आमदनी प्राप्त करने के अवसर बढ़ा सकते हैं। इससे खेत का बेहतर उपयोग करने और मृदा स्वास्थ्य में सुधार करने में भी मदद मिल सकती है।
गोष्ठी में Co 15023 गन्ना किस्म के साथ तुरिया एवं अर्ली लाही की अंतरफसली खेती को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया गया। इसके अलावा Co 0118, CoS 13231, CoS 13235 और CoLk 14201 जैसी उन्नत गन्ना किस्मों का रकबा बढ़ाने के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर अरुण कुमार सिंह, सहायक महाप्रबंधक (गन्ना) ने किसानों को चार फीट ट्रेंच विधि अपनाने, समय पर मिट्टी चढ़ाने और आधुनिक कृषि यंत्रों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि केन हार्वेस्टर, ऑटोमेटेड कटर-प्लांटर और पावर टिलर जैसे कृषि यंत्र खेती के कार्यों को सुविधाजनक बनाने में सहायक हो सकते हैं।
कृषक गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक खेती की तकनीकों से जोड़ना, शरदकालीन गन्ना बुवाई का क्षेत्र बढ़ाना तथा बेहतर उत्पादन और अतिरिक्त आय के अवसरों के प्रति जागरूक करना रहा।
आयोजन में सर्वेन्द्र कुमार (इंचार्ज, हाजीपुर) सहित सुपरवाइजर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें